पटना- पटना में घरेलू गैस संकट को दूर करने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। डीएम डॉ. त्यागराजन ने गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया (गेल) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर उन इलाकों में विशेष शिविर लगाने का निर्देश दिया है, जहां पाइप्ड नैचुरल गैस (PNG) की सुविधा पहले से उपलब्ध है।
निर्णय के अनुसार, शुक्रवार से अपार्टमेंट्स में कैंप लगाकर उपभोक्ताओं को ऑन-द-स्पॉट PNG कनेक्शन दिया जाएगा। पहले दिन पांच अपार्टमेंट्स में शिविर लगाए जाएंगे, जबकि शनिवार को 10 अपार्टमेंट्स में कैंप आयोजित होंगे।
एडीएम आपूर्ति आर.के. दिवाकर ने बताया कि उपभोक्ताओं को अपने मोबाइल नंबर से आवेदन करना होगा और आधार व एड्रेस प्रूफ के साथ 500 रुपये शुल्क जमा करना होगा। इसके बाद मौके पर ही मीटर लगाकर रसोई तक पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गेल अधिकारियों के अनुसार, जिन क्षेत्रों में PNG सुविधा उपलब्ध है, वहां करीब 21 हजार घर ऐसे हैं जिन्होंने अभी तक कनेक्शन नहीं लिया है। इन अपार्टमेंट्स में हर महीने लगभग 3 हजार नए कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है।
फिलहाल पटना में PNG उपभोक्ताओं की संख्या बढ़कर 30,280 हो गई है, जबकि 17 मार्च तक यह संख्या 29,816 थी। महज दो दिनों में 464 लोगों ने LPG से PNG की ओर रुख किया है। इसके अलावा करीब 90 व्यावसायिक संस्थानों को भी PNG कनेक्शन दिया जा चुका है।
सगुना मोड़, गोला रोड, आरके पुरम, आरपीएस मोड़, आईपीएस कॉलोनी, आशियाना-दीघा रोड, फ्रेंड्स कॉलोनी, एजी कॉलोनी, रामनगरी, पुनाईचक, आनंदपुरी, एसके पुरी, किदवईपुरी, राजवंशीनगर, शास्त्रीनगर और बोरिंग रोड सहित कई इलाकों में PNG कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा गर्दनीबाग, अनीसाबाद, अलीनगर कॉलोनी, पुलिस कॉलोनी और बेउर मोड़ से मीठापुर तक भी यह सुविधा विस्तार की जा रही है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे इन शिविरों का लाभ उठाएं। PNG कनेक्शन से न केवल LPG सिलेंडर पर निर्भरता कम होगी, बल्कि निर्बाध गैस आपूर्ति, कम लीकेज का खतरा, किफायती उपयोग और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प भी मिलेगा।








