लातेहार- लातेहार से एक शर्मनाक और दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आयी जहां एक दरिंदे ने 11 वर्षीय मासूम बच्ची को बंधक बनाकर उसके साथ पहले दुष्कर्म किया और बाद में उसकी हत्या कर दी. हालांकि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
घटना लातेहार जिला के छिपादोहर थाना क्षेत्र की है. पुलिस को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के एक गांव में 11 वर्षीय नाबालिग लड़की शव पड़ा हुआ है.
सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम दलबल के साथ गांव पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. ग्रामीणों से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने गांव के ही एक व्यक्ति संतोष सिंह को पकड़ कर जब कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बताया जा रहा है कि आरोपी संतोष सिंह ने बच्ची को रविवार को ही अपने घर में बंधक बना लिया था. उसके बाद उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. बाद में शख्स ने बच्ची की हत्या कर उसके शव को घर से दूर ले जाकर फेंक दिया.
इधर इस संबंध में थाना प्रभारी यकीन अंसारी ने बताया कि सोमवार सुबह सूचना मिली कि एक नाबालिग लड़की का शव पड़ा हुआ है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की.
थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी. उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया. हालांकि पुलिस ने सही समय पर गांव पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया. जिससे गांव की स्थिति बिगड़ने से बच गई. इधर ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी संतोष सिंह हमेशा शराब के नशे में धुत रहता था.
नशे की हालत में ही उसने बच्ची के साथ इतनी घिनौनी हरकत की. ग्रामीणों ने बताया कि बच्ची रविवार से ही गायब थी. परिवार वाले उसकी काफी खोजबीन कर रहे थे. परंतु लड़की का कुछ पता नहीं चल पा रहा था. इसी बीच सोमवार को गांव से थोड़ी दूर पर उसका शव बरामद हुआ.








