सरायकेला- सरायकेला के कांड्रा थाना क्षेत्र के हाड़ीभांगा गांव में रविवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है. जहां एक गिट्टी लदा हाइवा अचानक सड़क किनारे घर पर पलट गया.
हाइवा की चपेट में आने से घर के पास बैठे एक पिता और उनकी मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान हाड़ीभांगा गांव निवासी 30 वर्षीय बीरबल मुर्मू और उनकी ढाई वर्षीय पुत्री अनुश्री मुर्मू के रूप में की गई है.
पुलिस और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार हाइवा सड़क निर्माण सामग्री लेकर गांव के तंग रास्ते से गुजर रहा था. तेज रफ्तार के कारण हाइवा अनियंत्रित होकर अचानक सड़क किनारे पलट गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बीरबल मुर्मू और उनकी बेटी को बचने का कोई मौका नहीं मिला और दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं हादसे में बीरबल मुर्मू की पत्नी भी बुरी तरह घायल हुई हैं. उन्हें तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.
वहीं दुर्घटना के बाद हाड़ीभांगा और आसपास के ग्रामीण में गहरा आक्रोश फैल गया. सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. ग्रामीणों ने मुआवजा और लापरवाह कंपनी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया.
ग्रामीणों का स्पष्ट आरोप है कि सड़क निर्माण कंपनी सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रही थी. जिसके कारण इतना बड़ा हादसा हुआ. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








