रांची- राज्य सरकार के निर्देश पर रांची नगर निगम ने छठ महापर्व को लेकर सफाई अभियान शुरू कर दिया है. निगम की टीम शहर के प्रमुख घाटों और तालाबों की साफ-सफाई, मरम्मत और सौंदर्यीकरण के कार्यों में जुटी है.
मंगलवार को नगर आयुक्त सह प्रशासक सुशांत गौरव ने खुद कई तालाबों का निरीक्षण किया. उन्होंने टुनकी टोली तालाब और डोरंडा टोली तालाब का जायजा लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
उन्होंने तालाबों के आसपास की झाड़ियों की कटाई, पथों की मरम्मत, दीवार पेंटिंग और बाउंड्री निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया. कहा कि घाटों के चारों ओर बांस-बल्लियों से बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए ताकि भीड़ नियंत्रित रहे. इसके साथ ही रौशनी, पेयजल और अस्थायी चेंजिंग रूम जैसी सुविधाएं भी समय रहते उपलब्ध कराई जाए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
निरीक्षण के दौरान तिरिल तालाब परिसर में स्थित अर्बन हेल्थ सेंटर का भी निरीक्षण किया गया. प्रशासक ने वहां उपलब्ध दवाओं और चिकित्सा सेवाओं की जानकारी ली. उन्होंने डॉक्टरों को निर्देश दिया कि छठ पर्व के दौरान पर्याप्त मात्रा में आवश्यक दवाइयां उपलब्ध रहे और किसी भी आपात स्थिति के लिए स्वास्थ्य कर्मी सतर्क रहें.
नगर आयुक्त ने पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी तालाब तक जाने वाले मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण नहीं होना चाहिए. सभी वार्ड सुपरवाइजर को अपने क्षेत्र में प्रतिदिन सफाई कार्य की निगरानी करने का निर्देश दिया गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








