रांची- झारखंड में कुड़मी समाज ने खुद को आदिवासी का दर्जा दिए जाने की अपनी पुरानी मांग को लेकर रेल रोको आंदोलन आज से यानी 20 सितंबर से शुरू कर दिया है.
आदिवासी कुड़मी समाज मंच के आह्वान पर शनिवार सुबह से ही राज्य के कई जिलों में कुड़मी समाज के लोग रेलवे ट्रैक पर उतर आए और रेल परिचालन को पूरी तरह ठप कर दिया.
रांची रेलवे स्टेशन पर हाथों में झंडा लिए दर्जनों की संख्या में आंदोलनकारी रेलवे ट्रैक पर आकर बैठ गए हैं. वहीं, मूरी स्टेशन के पास भी काफी संख्या में लोग जमा हैं. बोकारो, रांची, गिरिडीह के छोटे स्टेशनों पर भारी संख्या में आंदोलनकारियों के द्वारा रेल ट्रैक पर कब्जा कर लिया गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कई स्टेशन पर तो भीड़ बीच ट्रैक पर जाकर बैठ गई है. हालांकि तमाम कुर्मी बहुल इलाकों में देर रात तक पुलिस आंदोलनकारियों को नजदीकी रेलवे स्टेशनों पर जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग करती रही. लेकिन इसका कोई खास असर देखने को नहीं मिला है.
धनबाद मंडल अंतर्गत आदिवासी कुड़मी समाज के रेल रोको आंदोलन की वजह से ट्रेन संख्या 13504 हटिया-बर्द्धमान मेमू एक्सप्रेस रद्द कर दी गई. इसके अलावा ट्रेन संख्या 18036 हटिया-खड़गपुर मेमू, बरवाडीह-गोमो पैसेंजर ट्रेन और बीडीएम 53357 पैसेंजर ट्रेन कैंसिल कर दिया गया है. 63557 बरकाकाना टू वाराणसी पैसेंजर ट्रेन कोले रेलवे स्टेशन पर सुबह 7 बजे से खड़ी है.
आदिवासी कुड़मी समाज द्वारा रेल रोको आंदोलन की वजह से ट्रेन संख्या 13351 धनबाद-आलप्पुझा एक्सप्रेस, आज यानी शनिवार को अपने निर्धारित प्रस्थान समय 11:35 बजे के स्थान पर 18:35 बजे धनबाद से प्रस्थान करेगी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
रेल रोको आंदोलन की वजह से ट्रेन संख्या 18613 रांची-चोपन एक्सप्रेस आज अपने निर्धारित मार्ग रांची-मूरी – बरकाकाना के स्थान पर परिवर्तित मार्ग रांची-टोरी होकर चलेगी. पलामू एक्सप्रेस को टोरी रेलवे स्टेशन पर टर्मिनेट किया गया है. वहीं, जम्मूतवी टाटा एक्सप्रेस को लोहरदगा रूट से डाइवर्ट किया गया है.
रेल रोको आंदोलन की वजह से ट्रेन संख्या 13320 रांची – दुमका एक्सप्रेस का आज दिनांक 20/09/2025 को बराकर स्टेशन से आंशिक प्रारंभ होगा. इस ट्रेन का रांची से बराकर स्टेशन के बीच परिचलन रद्द रहेगा.








