पलामू- पलामू के मनातू थाना क्षेत्र के केदल जंगल में बुधवार देर रात पुलिस और प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में दो पुलिस जवान शहीद हो गए थे जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है. शहीद जवानों को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने पलामू पुलिस लाइन में सलामी दी.
इस दौरान सीआरपीएफ के आईजी साकेत सिंह, डीसी समीरा एस, आईजी अभियान माइकल राज एस, आईजी एसटीएफ अनूप बिरथरे, पलामू रेंज के डीआईजी नौशाद आलम और पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी. वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी है और घायल जवान के उचित इलाज का आश्वासन दिया है.
दरअसल, पलामू पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि 10 लाख रुपये के इनामी टीएसपीसी कमांडर शशिकांत गंझू करमा पर्व के अवसर पर अपने पैतृक गांव केदल में मौजूद है. इस सूचना के आधार पर पलामू पुलिस ने अभियान एएसपी राकेश सिंह के नेतृत्व में दो अलग-अलग टीमें गठित कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बुधवार देर रात करीब 12:30 बजे, जब पुलिस की एक टीम शशिकांत के घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर पहुंची, नक्सलियों ने एके-47 राइफल से अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में दोनों पक्षों के बीच करीब 15 मिनट तक गोलीबारी हुई.
मुठभेड़ के बाद शशिकांत गंझू और उसका दस्ता जंगल की आड़ में फरार हो गया. पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और झारखंड जगुआर की मदद से सघन तलाशी अभियान शुरू किया.
पलामू रेंज के डीआईजी नौशाद आलम ने बताया कि कुछ नक्सलियों के घायल होने की भी सूचना है, हालांकि अभी तक किसी नक्सली का शव बरामद नहीं हुआ है. क्षेत्र को पूरी तरह से सील कर दिया गया है और तलाशी अभियान जारी है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








