रांची- राज्यवासियों को अभी बारिश से निजात मिलता नहीं दिख रहा है. मौसम केंद्र रांची ने तो 25 अगस्त तक कई जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है.
मौसम केंद्र के मुताबिक ओडिशा के दक्षिणी तटीय इलाके में डिप्रेशन बना हुआ है. इसका असर झारखंड पर पड़ा है. पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा पश्चिमी सिंहभूम के गोइलकेरा में 36.6 मिमी बारिश हुई है. इस दौरान सबसे ज्यादा तापमान गोड्डा में 35.3 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान लातेहार में 20.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है.
मौसम केंद्र रांची के मुताबिक 20 अगस्त को राज्य में कहीं-कहीं तेज हवाओं और गर्जन के साथ वज्रपात की संभावना है. 21 अगस्त को उत्तर-पूर्वी यानी देवघर, दुमका, गिरिडीह, जामताड़ा, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज के अलावा रांची, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में भारी बारिश की संभावना है. इस दौरान हवा की गति 30-40 किमी प्रति घंटा रह सकती है. लिहाजा, अगले दोनों दिनों तक प्रभावित क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
22 अगस्त को उत्तर-पश्चिमी यानी पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश की संभावना है. इस दिन उत्तर-मध्य इलाकों के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
23 अगस्त को उत्तर-पूर्वी यानी देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, साहिबगंज और पाकुड़ सिंहभूम, सिमडेगा में भारी बारिश की संभावना है. साथ ही 24 अगस्त और 25 अगस्त को राज्य के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जतायी गई है. इन तीनों दिन प्रभावित इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
बता दें कि इस वर्ष मानसून में शायद ही कोई दिन हो जब बारिश ना हुई हो. 18 अगस्त से अब तो रांची में सर्दी के मौसम का एहसास होने लगा है. वहीं, मौसम विभाग लगातार बारिश का अलर्ट जारी कर रहा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








