देवघर- आज सावन का दूसरा सोमवार है. इस मौके पर बाबा-नगरी देवघर में कांवरियों का सैलाब देखने को मिल रहा है. सुबह से ही मंदिर के आसपास का इलाका बोल बम के नारे से गूंज रहा है. सुबह 4 बजे पट खुलने के बाद से ही जल चढ़ाने का सिलसिला शुरू हो गया है.
सोमवार को सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लाखों में देखी जा रही है. भीड़ को देखते हुए रविवार से ही पूरे मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
इधर, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन देर रात से ही सभी चौराहों पर नजर रखे हुए है. दुम्मा गेट से लेकर मंदिर परिसर तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है. सोमवार को जलाभिषेक करने के लिए रविवार रात्रि के 10 बजे से ही लाइन लग गई थी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कांवरियों की भीड़ को देखते हुए सुबह 3:00 बजे से ही अरघा सिस्टम से श्रद्धालुओं को जलार्पण कराया जा रहा है. श्रद्धालुओं को सुगमता पूर्वक जलार्पण कराने के लिए दुमका के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा एवं पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार सुबह से ही मेला क्षेत्र में नजर जमाए हुए हैं.
पुलिस प्रशासन की टीम भी जगह-जगह पर तैनात है. कांवरियों की सुविधा एवं सुरक्षा को देखते हुए कांवरिया रूट लाइन के सभी प्वाइंटों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई है. शिव गंगा घाट से संस्कार मंडप होते हुए कांवरियों को मंदिर में प्रवेश करवा कर जलाभिषेक कराया जा रहा है.
वहीं, फौजदारी दरबार बाबा बासुकीनाथ धाम में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है. बाबाधाम देवघर में पूजा अर्चना करने के बाद कई श्रद्धालु बासुकीनाथ धाम पहुंच रहे हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसके साथ ही भागलपुर स्थित बरारी घाट से गंगाजल लेकर हंसडीहा के रास्ते काफी संख्या में कांवरिया भी बासुकीनाथ में जलाभिषेक के लिए पहुंच रहे हैं. जिससे मंदिर में काफी भीड़ बढ़ गई है. बासुकीनाथ धाम कांवरियों के बोल बम के नारे से गुंजायमान हो गया है.








