रांची- गुरुजी शिबू सोरेन दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं. सभी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं. विपक्षी पार्टी भाजपा ने भी उनकी सेहत पर चिंता जताई है. साथ ही राज्य की जनता को गुरुजी शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी और अपडेट के लिए अधिकृत मेडिकल बुलेटिन जारी करने की मांग की है.
गौरतलब है कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन 19 जून से दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती हैं. अस्पताल प्रशासन का कहना है कि उनकी हालत स्थिर है.
विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम उनकी देखभाल कर रही है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन, पूर्व मंत्री बसंत सोरेन, पार्टी के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य और कई विधायक दिल्ली में मौजूद हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी शिबू सोरेन के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के अस्वस्थ होने की सूचना से मन अत्यंत चिंतित है. ईश्वर से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ एवं दीर्घायु जीवन की प्रार्थना करता हूं.
वहीं गुरुजी के स्वास्थ्य को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने कहा कि शिबू सोरेन न सिर्फ राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं, बल्कि वे झारखंड सरकार की समन्वय समिति के प्रमुख भी हैं, ऐसे में सरकार, पीआईबी को उनके स्वास्थ्य को लेकर अधिकृत मेडिकल बुलेटिन जारी करना चाहिए.
उन्होंने कहा कि गुरुजी के स्वास्थ्य को लेकर लोग चिंतित हैं, लोग उनसे मिलने जा रहे हैं. ऐसे में सरकार के स्तर से अगर कोई जानकारी नहीं दी जाएगी तो लोग गलतफहमी का शिकार होंगे. इसलिए सरकार या पीआईबी को उनकी वर्तमान हालात को लेकर मेडिकल बुलेटिन जारी करनी चाहिए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








