रांची- गैंगस्टर अमन साहू एनकाउंटर में मारा गया है. मंगलवार को यह मामला सदन में भी उठा. शून्यकाल के दौरान सूचना के तहत जदयू विधायक सरयू राय ने मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि अपराधी अमन साहू को पूछताछ के लिए छत्तीसगढ़ के जेल से रांची लाया जा रहा था. बीच में एनकाउंटर हो गया. सदन चल रहा है. गंभीर घटना है. सरकार को चलते सत्र में सदन के सामने प्रतिवेदन रखना चाहिए.
इस बीच नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पुलिस की कार्रवाई को सही ठहराया है. उन्होंने कहा, अपराधी जब पुलिस पर गोली चलाएंगे तो पुलिस यूं ही चुपचाप नहीं रहेगी. अपराधियों का यही हश्र होता है.
उन्होंने 10 मार्च को डीजीपी के बयान का हवाला देते हुए कहा कि तीन अपराधियों का गैंग जेल से संचालित हो रहा है. एक तो मारा गया. दो और हैं. प्रशासन को देखना चाहिए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
हालांकि JMM से भाजपा में शामिल हुए नेता चम्पई सोरेन इस एनकाउंटर पर अलग राय रखते है. विधानसभा परिसर में मीडिया से बात करते हुए भाजपा विधायक चंपाई सोरेन ने कहा कि गैंगस्टर को पुलिस की सुरक्षा में लाया जा रहा था. उसकी सुरक्षा की जिम्मेवारी पुलिस की थी.
उन्होंने अंदेशा जताया है कि सफेदपोश का कोई राज खुलने वाला था, इसलिए भी ऐसा हो सकता है कि उसका एनकाउंटर किया गया हो. इसलिए इस एनकाउंटर से सीबीआई की जांच होनी चाहिए.
उन्होंने कहा कि पुलिस उसको ला रही थी और इस बीच रास्ते में एनकाउंटर हो गया. उसे तो कड़ी सुरक्षा में लाया जा रहा था. डीजीपी भी कह चुके थे कि जेल से गैंग चलाया जा रहा है. इसलिए जांच जरूरी है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जब चंपाई से यह पूछा गया कि भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि अपराध करने वालों का यही हश्र होता है. इसपर चंपाई सोरेन ने कहा कि उन्होंने किस संदर्भ में ऐसा कहा है उन्हें इसकी जानकारी नहीं है.








