डेस्क- प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ को खत्म होने को अब सिर्फ तीन दिन बचे हैं. वहीं मेले में रोज आ रहे करोड़ों श्रद्धालुओं को बाइकर्स द्वारा ज्यादा किराया वसूल कर ठगे जाने का मामला लगातार सामने आ रहा है.
श्रद्धालु स्टेशन, बस स्टैंड या शहर से संगम तक जाने के लिए बाइकर्स का सहारा ले रहे है उनको बाइकर्स गैंग द्वारा ज्यादा किराया लेकर ठगा जा रहा है. मिल रही शिकायत पर आज प्रयागराज कमिश्नरेट पुलिस एक्शन में आ गई है.
रविवार की सुबह से डीसीपी सिटी अभिषेक भारती ने शहर में कमान संभालते हुए पुलिस बल के साथ शहर के तीन सर्किल जिसमें झूंसी, कर्नलगंज और सिविल लाइंस में अभियान चलाकर बाइकर्स गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
डीसीपी के मुताबिक श्रद्दालुओं से ज्यादा किराया वसूलने वाले बाइकर्स गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सौ से ज्यादा बाइक को जब्त किया गया है. नो पार्किंग में खड़े 50 से ज्यादा वाहनों को जब्त करते हुए 750 से ज्यादा वाहनों का चालान गलत पार्किंग और सीजर की कार्रवाई मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 207 के तहत की गई है.
डीसीपी ने बताया कि आज बाइकर्स गैंग के खिलाफ बड़ा कदम उठाया गया है. ये अवैध तरीके से श्रद्धालुओं से ज्यादा किराया वसूल कर रहे थे. पुलिस ये भी जांच कर रही है कि कुछ लोग दूसरे राज्यों से अपनी दो पहिया वाहन लाकर यहां महाकुंभ में सवारी बैठाकर श्रद्धालुओं से ज्यादा किराया ले रहे है, ऐसे वाहन भी अब पुलिस के राडार पर हैं.








