यूपी- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें श्रद्धालुओं के लिए आयोजित भंडारे में परोसे गए भोजन में राख मिलाते हुए एक पुलिस अधिकारी नजर आ रहा है. वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारी को निलंबित कर दिया गया.
डीसीपी (गंगा नगर) कुलदीप सिंह गुनावत के हवाले से मीडिया में खबर चल रही है कि वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद सोरांव के एसएचओ बृजेश कुमार तिवारी के खिलाफ कार्रवाई की गई.
दरअसल, एक यूजर ने एक्स पर वीडियो पोस्ट किया, जिसमें डीसीपी गंगा नगर के अकाउंट को टैग किया गया. यूजर ने इस शर्मनाक हरकत के लिए अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
यूजर को जवाब देते हुए डीसीपी गंगा नगर के आधिकारिक अकाउंट से जवाब दिया गया. जवाब में कहा गया कि मामले का संज्ञान लेते हुए एसएचओ को निलंबित कर दिया गया है. विभागीय कार्यवाही चल रही है.
वीडियो समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सोशल मीडिया पर शेयर किया. उन्होंने इसपर संज्ञान लेने का आग्रह किया. उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ”यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि महाकुंभ में फंसे लोगों को भोजन और पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने वालों के अच्छे प्रयासों को राजनीतिक द्वेष के कारण विफल किया जा रहा है. जनता को इस पर ध्यान देना चाहिए!”








