डेस्क- कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी पर तीखा हमला किया है. विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि नफ़रत को राजनीतिक हथियार बनाकर सत्ता की सीढ़ी चढ़ने चढ़ने वाले देशभर में लगातार भय का राज स्थापित कर रहे हैं. भीड़ की शक्ल में छिपे हुए नफरती तत्व कानून के राज को चुनौती देते हुए खुलेआम हिंसा फैला रहे हैं.
राहुल ने कहा कि भाजपा सरकार से इन उपद्रवियों को खुली छूट मिली हुई है, इसीलिए उनमें ऐसा कर पाने का साहस पैदा हो गया है. लिहाजा अल्पसंख्यकों, खासकर मुसलमानों पर लगातार हमले जारी हैं और सरकारी तंत्र मूक दर्शक बना देख रहा है. उन्होंने कहा कि ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई कर कानून का इकबाल क़ायम किया जाना चाहिए.
राहुल गांधी ने कहा कि भारत की सांप्रदायिक एकता और भारतवासियों के अधिकारों पर किसी भी तरह का हमला संविधान पर हमला है, जो हम बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं करेंगे. भाजपा कितनी भी कोशिश कर ले, लेकिन नफरत के खिलाफ भारत जोड़ने की इस ऐतिहासिक लड़ाई को हम हर हाल में जीतेंगे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
दरअसल, हरियाणा के चरखी-दादरी जिले में पश्चिम बंगाल के रहने वाले प्रवासी मजदूर साबिर मलिक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी, ये घटना 27 अगस्त को हुई थी, गौरक्षक समूह के लोगों ने बीफ खाने के शक में पीड़ित को जमकर पीटा था. वहीं महाराष्ट्र के धुले एक्सप्रेस में बीफ ले जाने के शक में एक बुजुर्ग यात्री की कुछ लोगों ने पिटाई कर दी.








