पटना- बिहार STF को बड़ी सफलता मिली है. एसटीएफ की विशेष टीम और बेगूसराय जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक लाख रुपये की इनामी महिला नक्सली विनीता भारती उर्फ श्वेता उर्फ अनीता उर्फ प्रतिमा उर्फ कल्पना को गिरफ्तार किया गया है.
गिरफ्तार महिला नक्सली मुजफ्फरपुर जिले की रहने वाली है और कई आपराधिक मामलों में पुलिस को उसकी तलाश थी. बिहार एसटीएफ काफी समय से महिला नक्सली की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही थी. इसके लिए विशेष टीम गठित की गई थी.
इसी दौरान उसके ठिकाने के संबंध में सूचना मिलने पर एसटीएफ और बेगूसराय जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की. छापेमारी के दौरान उसे बेगूसराय जिले के बरौली थाना क्षेत्र के बतौली से गिरफ्तार किया गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गिरफ्तार महिला नक्सली विनीता भारती मुजफ्फरपुर और पश्चिमी चंपारण जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज कई मामलों में वांछित थी. उसके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है.
गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है. आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है. बताया जा रहा है कि विनीता भारती का पति अमरलाल देव उर्फ नारायण राम उर्फ नकुल भी सक्रिय नक्सली था.
वर्ष 2020 में पश्चिमी चंपारण के वाल्मीकिनगर क्षेत्र में पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान उसकी मौत हो गई थी. पति की मौत के बाद भी विनीता भारती के नक्सली गतिविधियों में सक्रिय रहने की जानकारी पुलिस को मिली थी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
एसटीएफ की इस कार्रवाई को बिहार में नक्सल गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है. पुलिस अब गिरफ्तार महिला नक्सली से पूछताछ कर उसके संपर्कों, संगठन में भूमिका और अन्य मामलों में संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है.








