पटना- अनंत सिंह को सुप्रीम कोर्ट से झटका लगा है. उन्हें 1 दिसंबर से पहले सरेंडर करने का आदेश दिया गया है. ऐसे में तेजस्वी यादव ने तंज कसा है.
तेजस्वी यादव ने कहा कि अनंत सिंह और उनकी पत्नी पहले आरोप लगाते थे कि सरकार उन्हें फंसा रही है, लेकिन जब वे हमारे यहां से गद्दारी करके उधर (जदयू/सत्ता पक्ष) गए, तो वही सरकार उन्हें अच्छी लगने लगी। अब उनके साथ जो हो रहा है, वह वही बताएंगे।
अनंत सिंह से जुड़े मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में तेजस्वी यादव ने संक्षिप्त प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि न्यायालय अपना काम कर रहा है. कौन क्या आरोप लगा रहा है और किस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं, यह न्यायालय के विचार का विषय है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
दरअसल, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली महागठबंधन की रैली से पहले केंद्र और बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा.
दिल्ली रवाना होने से पहले पटना में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने बिहार एमएलसी चुनाव के नतीजों, मतगणना में पारदर्शिता, बेरोजगारी, महंगाई और राज्य में बढ़ते अपराध को लेकर सरकार को घेरा. तेजस्वी ने एमएलसी चुनाव में मिली जीत के लिए मतदाताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया.
तेजस्वी यादव ने कहा कि एमएलसी चुनाव में जिन बुद्धिजीवियों, शिक्षकों, छात्रों, नौजवानों और मतदाताओं ने उन्हें समर्थन दिया है, उन सभी का वह धन्यवाद करते हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
उन्होंने कहा कि चुनाव में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पूरी सजगता के साथ काम किया. मतगणना केंद्रों पर मौजूद कार्यकर्ताओं की सक्रियता की वजह से कथित तौर पर वोटों की हेराफेरी की कोशिश सफल नहीं हो सकी.
तेजस्वी यादव ने एमएलसी चुनाव की मतगणना प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि जिस केंद्र पर मतगणना हो रही थी, वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं थे.
ऐसे में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है. उन्होंने कहा कि चुनाव जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में हर स्तर पर पारदर्शिता होनी चाहिए, ताकि किसी तरह की आशंका की गुंजाइश नहीं रहे.
बिहार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर बोलते हुए तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर कई मुद्दों को लेकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध बढ़ा है, बेरोजगारी की समस्या बनी हुई है और महंगाई से आम लोग परेशान हैं.
भ्रष्टाचार बढ़ने और शिक्षा व्यवस्था के चौपट होने का भी उन्होंने आरोप लगाया. तेजस्वी ने कहा कि गरीब और आम जनता कई तरह की परेशानियों का सामना कर रही है, लेकिन सरकार इन समस्याओं का समाधान करने में नाकाम है.








