पटना- दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट से जमानत रद्द होने के बाद मोकामा विधायक अनंत सिंह ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ कहा है कि वह 1 दिसंबर को सरेंडर करेंगे।
हालांकि, उन्हें अब भी न्यायालय पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि कोर्ट से उन्हें दोबारा बेल मिल जाएगी। अनंत सिंह ने इस पूरे मामले में नीरज कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने कहा कि हमने पार्टी का विरोध नहीं किया था, बल्कि नीरज कुमार का विरोध किया था। नीरज ने ही दुलारचंद यादव की हत्या करवाई और उन्हें इस मामले में फंसाया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अनंत सिंह ने पार्टी के फैसले और सरकार की भूमिका पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि नीरज कुमार ने जो कहा, वही सरकार ने किया और पार्टी ने भी उसी बात को सही मान लिया।
दरअसल, दुलारचंद यादव हत्याकांड में पटना हाईकोर्ट से मिली अनंत सिंह की जमानत को सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दिया है। शीर्ष अदालत ने उन्हें 1 दिसंबर 2026 तक सरेंडर करने का निर्देश दिया है।
इसके साथ ही बिहार पुलिस को मामले की जांच चार महीने के भीतर पूरी करने को कहा है। यह आदेश दुलारचंद यादव के पोते नीरज कुमार की ओर से दाखिल याचिका पर सुनवाई के बाद आया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
अनंत सिंह ने अपने और जदयू के बीच हुए विवाद को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि उनका विरोध पार्टी से नहीं था, बल्कि नीरज कुमार से था।
अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर दुलारचंद यादव की हत्या करवाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा, नीरज कुमार ने दुलारचंद का हत्या करवाया, हमको फंसाया। जो भी केस है, सब नीरज कुमार ने करवाया।
अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जिक्र करते हुए कहा कि जब तक नीतीश कुमार ठीक थे, तब तक उनके साथ ऐसी स्थिति नहीं बनी। उन्होंने मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम के लिए नीतीश कुमार के बदले हालात को जिम्मेदार ठहराया।
उन्होंने कहा, नीतीश जी रहते तो कभी नहीं होता ये सब। नीतीश के गड़बड़ाने के बाद हुआ ये सब। पार्टी में जब तक नीतीश जी ठीक थे, तब तक कुछ नहीं हुआ। नीतीश जी काफी बहुत दिन से गड़बड़ हैं।
उन्होंने पार्टी के भविष्य को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की और कहा.. पार्टी का खाता खुलना मुश्किल होगा। अनंत सिंह ने साफ कर दिया कि मौजूदा घटनाक्रम के बाद वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करने के मूड में नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि वह अब न तो नीतीश कुमार से मिलने जाएंगे और न ही ललन सिंह से मिलेंगे।








