बेगूसराय- पाकिस्तान के लिए कथित जासूसी और भारतीय सेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा करने के आरोप में असम पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार आरोपियों में बेगूसराय के बरौनी थाना क्षेत्र के पपरौर गांव निवासी 39 वर्षीय रितेश कुमार शामिल है. बेगूसराय पुलिस सूत्रों के मुताबिक, असम पुलिस ने उसे गुवाहाटी के सातगांव इलाके से गिरफ्तार किया है. पुलिस अब उसके कथित पाकिस्तान कनेक्शन और गतिविधियों की पड़ताल कर रही है.
बेगूसराय पुलिस के अनुसार, रितेश कुमार पर आरोप है कि वह कथित तौर पर पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में था और भारतीय सेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा कर रहा था. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित तौर पर कौन-सी जानकारी साझा की गई और इसके पीछे नेटवर्क कितना बड़ा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बेगूसराय पुलिस सूत्रों के अनुसार, रितेश कुमार वर्ष 2006 में भारतीय सेना में भर्ती हुआ था. करीब 17 वर्षों तक सेना में सेवा देने के बाद वह 2023 में सेवानिवृत्त हुआ. सेना से रिटायरमेंट के बाद वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गुवाहाटी में रहने लगा.
बताया जा रहा है कि रिटायरमेंट के बाद रितेश ने अपने परिवार और परिचितों को बताया था कि वह असम सचिवालय में नौकरी कर रहा है. अब गिरफ्तारी के बाद उसकी गतिविधियों और संपर्कों की जांच तेज हो गई है.
इस मामले में पूर्वी चंपारण निवासी अभिषेक कुमार सिंह की गिरफ्तारी की भी जानकारी सामने आई है. अभिषेक के पिता सेना में रिटायर्ड सूबेदार हैं. पुलिस दोनों आरोपियों के बीच कथित संपर्क और उनकी भूमिका की जांच कर रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि संवेदनशील जानकारी कथित तौर पर किस माध्यम से साझा की गई. अभिषेक की गिरफ्तारी को लेकर मोतिहारी एसपी ने भी पुष्टि की थी.
रितेश की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आने के बाद बेगूसराय पुलिस भी उसके बारे में स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटा रही है. पुलिस उसकी पारिवारिक पृष्ठभूमि, स्थानीय संपर्कों और गतिविधियों से जुड़ी जानकारी खंगाल रही है.








