रांची- झारखंड के हजारीबाग जिले के चालकुशा प्रखंड स्थित दशहरा ब्लॉक हॉल्ट के समीप बुधवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया. एक ही ट्रैक पर चल रही दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें काफी नजदीक पहुंच गईं. हालांकि लोको पायलट की सतर्कता के कारण समय रहते स्थिति नियंत्रित कर ली गई और किसी प्रकार की दुर्घटना नहीं हुई.
चौबे स्टेशन के स्टेशन मास्टर संजय कुमार ने बताया कि दोनों ट्रेनें डाउन लाइन पर चल रही थीं. इनमें आगे गया-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस (20894) थी, जबकि उसके पीछे पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस (22306) चल रही थी. किसी कारणवश पीछे चल रही पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस आगे वाली ट्रेन के काफी करीब पहुंच गई. इससे कुछ समय के लिए रेल महकमे में हलचल मच गई.
रेल अधिकारियों के अनुसार, नई सिग्नल प्रणाली के तहत लोको पायलट को तत्काल सतर्कता संबंधी संकेत प्राप्त हुआ. खतरे का संकेत मिलते ही चालक ने तुरंत ब्रेक लगाकर ट्रेन की गति नियंत्रित की और उसे रोक दिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
समय रहते कार्रवाई होने के कारण संभावित दुर्घटना टल गई. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि आधुनिक सुरक्षा प्रणाली की वजह से दोनों ट्रेनों के बीच सुरक्षित दूरी सुनिश्चित हो सकी.
घटना में किसी भी यात्री के घायल होने या किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है. रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इस घटना का रेल परिचालन पर भी कोई असर नहीं पड़ा और सभी ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा.
घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने स्थिति की समीक्षा की और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि आधुनिक सिग्नल प्रणाली और लोको पायलट की त्वरित प्रतिक्रिया के कारण स्थिति पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








