रांची- नीट पुनर्परीक्षा को लेकर झारखंड के सभी जिलों में अलर्ट जारी किया गया है. इसी कड़ी में हजारीबाग जिला प्रशासन अलर्ट है. साथ ही विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इस कड़ी में शुक्रवार की देर रात प्रशासनिक पदाधिकारियों ने कई होटलों, रेस्टोरेंट्स और लॉजों का औचक निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने होटल संचालकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने में प्रशासन को सहयोग करने की अपील की.
इधर, जमशेदपुर में भी NEET पुनर्परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट है. परीक्षार्थीयों के लिए बनाए गए परीक्षा केंद्रों और उसके आसपास के क्षेत्र की विशेष निगरानी की जा रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
निष्पक्ष, स्वच्छ और कदाचारमुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा और निगरानी के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. शहर में बनाए गए सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी. परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं.
वहीं बोकारो में भी 21 जून को आयोजित होने वाली नीट की पुनर्परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन के साथ-साथ रेलवे प्रशासन ने भी व्यापक तैयारियां की हैं. परीक्षा में लगभग 2,880 परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है. जिले में कुल 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं.
रेलवे प्रशासन का अनुमान है कि करीब 1,500 से 2,000 परीक्षार्थी रेल मार्ग से बोकारो पहुंच सकते हैं. इसे देखते हुए बोकारो रेलवे स्टेशन पर विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
रेलवे के अनुसार, परीक्षा के दिन स्टेशन पर भीड़भाड़, भगदड़ या अव्यवस्था की स्थिति न बने इसके लिए पहले से ही सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. स्टेशन पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की गई है.
इसके अलावा, परीक्षार्थियों को उनके परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सुविधा हो इसके लिए शहर का रूट चार्ट उपलब्ध कराया जाएगा और पूछताछ केंद्रों को भी सुदृढ़ किया गया है.
वहीं बोकारो रेलवे स्टेशन के आरपीएफ पोस्ट कमांडर संतोष कुमार ने बताया कि 21 जून को सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बड़ी संख्या में आरपीएफ जवानों की तैनाती की गई है.
स्टेशन परिसर में भीड़ नियंत्रण, यात्रियों की सहायता और परीक्षार्थियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए एंबुलेंस की भी व्यवस्था रहेगी.
रेलवे प्रशासन ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे समय से पहले स्टेशन पहुंचें और उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का लाभ उठाते हुए अपने परीक्षा केंद्र तक सुगमता से पहुंचें.








