बेतिया- अंचल कार्यालय में निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए RTPS काउंटर पर कार्यरत क्लर्क राज कुमार मिश्रा को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.
इस कार्रवाई के बाद अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया. गिरफ्तार क्लर्क की पहचान चनपटिया थाना क्षेत्र के पकड़िहार गांव निवासी राज कुमार मिश्रा के रूप में हुई है, जो पिछले पांच वर्षों से बेतिया अंचल कार्यालय में कार्यरत है.
बताया जा रहा है कि जमाबंदी अनलॉक करने के नाम पर राज कुमार मिश्रा द्वारा लगातार अवैध वसूली की जा रही थी. पीड़ित बालेश्वर कुमार ने आरोप लगाया कि बीते छह महीनों से उनसे 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी. क्लर्क की लगातार मांग और दबाव से परेशान होकर उन्होंने निगरानी विभाग से इसकी शिकायत की.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले का सत्यापन कराया. जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की. मंगलवार को बेतिया अंचल कार्यालय में जाल बिछाकर निगरानी विभाग की टीम ने क्लर्क राज कुमार मिश्रा को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया.








