रांची- झारखंड में भीषण गर्मी पड़ रही है. आने वाले कुछ दिनों तक मुश्किलें और बढ़ने की उम्मीद है. कई जिले हीट वेव की चपेट में हैं. सबसे बुरा हाल पलामू के डाल्टनगंज का है. पिछले 24 घंटे में यहां का पारा 44.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है.
यहां 48 घंटे पूर्व अधिकतम पारा 45.2 डिग्री रिकार्ड हुआ था. रांची में भी हाल बेहाल है. रांची का तापमान 48 घंटे के भीतर 0.3 डिग्री बढ़कर 39.2 डिग्री तक पहुंच गया है. रांची के नामकुम और कांके में अधिकतम पारा 39.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है.
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक यह सिलसिला अगले चार-पांच दिनों तक जारी रहेगा. इसके बाद मौसम में बदलाव दिखना शुरु होगा, जिससे तापमान में कमी आने की उम्मीद है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मौसम केंद्र, रांची की रिपोर्ट के मुताबिक 23 मई को पलामू, गढ़वा और चतरा में हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी. इस दौरान रांची का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है.
वहीं उत्तर-पूर्वी भाग मसलन, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज और निकटवर्ती मध्य भाग में शामिल धनबाद में तेज हवा, मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश की संभावना है. लिहाजा, इन इलाकों के लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
मौसम केंद्र के मुताबिक 24 मई को भी राज्य के उत्तर-पूर्वी और निकटवर्ती मध्य में शुमार धनबाद में मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है. इन इलाकों में तेज हवा, मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश का अनुमान है, लेकिन 25 मई को मध्य भागों में (रांची, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, बोकारो, कोडरमा) कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक आद्रता यानी ह्यूमिडिटी ज्यादा रहने की वजह से गर्मी का ज्यादा एहसास हो रहा है. इस दौरान शरीर को डिहाईड्रेट होने से बचाव से तमाम उपाय करने की जरूरत है. थोड़े अंतराल पर पानी पीते रहना है. घर से बाहर निकलने से पहले छाता का इस्तेमाल करना है. पूरे बदन को ढक कर रखना है.








