देवघर- श्रावणी मेले को लेकर देवघर जिला प्रशासन अपनी तैयारियों में लगा हुआ है. इसी क्रम में उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने एम्स प्रबंधन के साथ एक अहम बैठक की. बैठक में श्रावणी मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष चर्चा हुई.
उपायुक्त ने एम्स के अधिकारियों और चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया. एम्स प्रबंधन ने उपायुक्त को आश्वस्त किया है कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए 15 बेड रिजर्व रखे जाएंगे ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत इलाज की सुविधा मिल सके.
इसके साथ ही एम्स और जिला प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने के लिए दोनों ओर से नोडल पदाधिकारियों की नियुक्ति पर सहमति बनी है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) के गठन पर भी चर्चा हुई. वहीं जिला स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया गया है कि एम्स की आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का अधिकतम लाभ श्रद्धालुओं तक पहुंचाया जाए.
गौरतलब है कि सावन महीने में देवघर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी सामने आती हैं. ऐसे में देवीपुर स्थित एम्स, जिला प्रशासन के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र के रूप में काम करता है.
बैठक में मेडिकल सुपरिटेंडेंट, डीटीओ, डीएसओ, डिप्टी मेडिकल सुपरिटेंडेंट, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग और एम्स के कई अधिकारी उपस्थित रहे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








