रांची- झारखंड में मौसम ने अचानक करवट बदली है. मौसम विभाग ने मंगलवार को रांची के साथ पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसांवा, खूंटी, रामगढ़, धनबाद और बोकारो जिलों में तेज आंधी, ओलावृष्टि, वज्रपात और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है.
इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जताई गई है. स्थिति को देखते हुए इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है.
मौसम विभाग के अनुसार, अन्य जिलों में भी बादल छाए रहने, मेघ गर्जन और करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बता दें कि राजधानी रांची में सोमवार देर शाम तेज आंधी, बिजली कड़कने और बारिश के कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई. हटिया ग्रिड से जुड़े बेड़ो, ब्राम्बे, धुर्वा और ओरमांझी के 33 हजार केवी सब-स्टेशन ट्रिप कर गए, जिससे कई इलाकों में रात आठ बजे तक बिजली गुल रही.
नामकुम ग्रिड से जुड़े कोकर रूरल और अर्बन सब-स्टेशन के सभी फीडर बाधित रहे. एचटीआई, लालपुर, इंडस्ट्रियल एरिया, कोकर, रानीचगान और चुनाभट्टा जैसे इलाकों में रात दो बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रही. वहीं क्लब रोड, चुटिया, एचईसी और मेसरा के कुछ क्षेत्रों में हाई वोल्टेज की समस्या भी देखी गई.
तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर तार पेड़ों और डालियों से टकरा गए, जिससे फॉल्ट की समस्या बढ़ गई. बिजली कर्मचारियों को शाम से ही मरम्मत कार्य में जुटना पड़ा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बिजली वितरण निगम के अनुसार, खराब मौसम के कारण कई उपकरणों को नुकसान पहुंचा है. फिलहाल कुछ इलाकों में बिजली आंशिक रूप से बहाल कर दी गई है, लेकिन पूरी तरह सामान्य होने में अभी समय लग सकता है.
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है.








