रांची- झारखंड में सर्दी पड़ने लगी है. कई जिलों में न्यूनतम पारा काफी नीचे लुढ़क गया है. पिछले 24 घंटे के भीतर न्यूनतम पारा 9 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड हुआ है.
मौसम केंद्र रांची के मुताबिक झारखंड के निचले ट्रोपोस्फेरिक लेवल पर उत्तर-पश्चिम से उत्तर की ओर हवाएं चल रहीं हैं. इसकी वजह से कई इलाकों के न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की कमी देखी जा रही है.
मौसम केंद्र के मुताबिक पिछले 24 घंटें में लोहरदगा में 8.6 डिग्री सेल्सियस, खूंटी में 9.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा है. इसके अलावा डालटनगंज में 10.1, लातेहार में 10.2 हजारीबाग में 10.5, पश्चिमी सिंहभूम में 11.4, बोकारो में 11.6 और रांची में 11.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पिछले 24 घंटों में डालटनगंज और बोकारो के न्यूनतम पारा में करीब 6 डिग्री सेल्सियस की कमी आ गई है. इसकी वजह से ज्यादातर जिलों में कनकनी महसूस की जा रही है. मौसम केंद्र रांची के मुताबिक 12 नवंबर से 17 नवंबर के बीच सुबह में कोहरा और धुंध के बाद मौसम के साफ और शुष्क रहने की संभावना है.
मौसम केंद्र रांची का अनुमान है कि 12 नवंबर और 13 नवंबर को झारखंड के उत्तर-पश्चिमी जिलों के साथ साथ उत्तरी छत्तीसगढ़ से लगे इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना है.
लिहाजा, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला के लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरुरत है. मौसम केंद्र के मुताबिक 12 नवंबर से 15 नवंबर के बीच कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, पलामू और रामगढ़ में न्यूनतम पारा 9 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








