दिल्ली- दिल्ली के पुलिस थाना जामा मस्जिद में पूछताछ के दौरान एक शख्स ने पुलिसकर्मियों पर अचानक चाकू से हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए.
इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है. वारदात के बाद आरोपी थाने से फरार हो गया. बाद में, चितली कब्र इलाके में उसने चाकू से 4 और पुलिसकर्मियों पर हमला किया. पुलिस ने बताया कि आरोपी के हमले में कुल 9 जवान घायल हुए हैं.
पुलिस के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे नबील नाम के व्यक्ति को उसकी मां और बहन से जुड़े पारिवारिक विवाद की शिकायत के सिलसिले में जामा मस्जिद थाने बुलाया गया था. पुलिसकर्मी उससे मामले को लेकर पूछताछ कर रहे थे. इसी दौरान आरोपी ने अचानक चाकू निकालकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घायल पुलिसकर्मियों को पहले संजीवन अस्पताल ले जाया गया. इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें सर गंगाराम अस्पताल रेफर किया गया. पीटीआई न्यूज एजेंसी के अनुसार, तीन पुलिसकर्मी सर गंगाराम और दो संजीवन अस्पताल में भर्ती कराए गए.
पुलिस पर हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. भागने के दौरान उसने कथित तौर पर एक दोपहिया वाहन भी लूट लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. आरोपी को पकड़ने के लिए मध्य जिले की ऑपरेशंस यूनिट की टीम ने तलाश शुरू की.
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी नबील को गोली लग गई. इसके बाद उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को पकड़ लिया गया है. फिलहाल घायल पुलिसकर्मियों और आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








