पटना- बिहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत मठिया टोला गांव में एक दुष्कर्म पीड़िता शिक्षिका ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. जिसके बाद परिवार में मातम छा गया है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अस्पताल भेज दिया.
बता दें कि पुलिस ने मृतका की शिकायत पर बीते 21 नवंबर को मामला दर्ज किया था और आरोपी स्कूल संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. 23 वर्षीय शिक्षिका ने अपने ही स्कूल संचालक पर तीन साल से शादी का झांसा देकर यौन संबंध बनाने का आरोप लगाया था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
सोमवार को पीड़िता की मेडिकल जांच और कोर्ट में बयान दर्ज होना था. इसी सिलसिले में जब पुलिस की टीम उसके घर पहुंची, तो देखा कि शिक्षिका ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है.
मृतका के छोटे भाई ने बताया कि मां का निधन कई साल पहले हो चुका था और पिता अहमदाबाद में काम करते हैं, इसलिए वे दोनों भाई-बहन घर पर रहते थे.
बहन तीन साल से एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती थी. भाई के अनुसार सुबह उठकर दोनों ने साथ में खाना खाया और फिर वह सोने चली गई, लेकिन बाद में जगाने के लिए दरवाजा खोला तो उसका शव फंदे से लटका मिला. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








