रांची- सुखदेव नगर थाना क्षेत्र स्थित इंद्रपुरी रोड नंबर-1 की श्रीहरि कॉलोनी में बुधवार की देर रात सूद के पैसों के लेनदेन के विवाद में मिथिलेश महतो उर्फ छोटू महतो (37) की गोली मारकर हत्या कर दी गई.
आरोप है कि धुर्वा निवासी अभिषेक कुमार उर्फ लल्लू 12-15 युवकों के साथ मिथिलेश के घर पहुंचा था. पहले उसने परिवार के लोगों के साथ मारपीट की. इसके बाद घर के गेट के अंदर हाथ डालकर गोली चला दी.
गोली मिथिलेश की दाईं आंख को चीरते हुए सिर के पीछे से निकल गई. परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. गुरुवार को रिम्स में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मृतक के बड़े भाई चंद्रशेखर महतो ने बताया कि उनके मंझले भाई विकास कुमार महतो ने अभिषेक उर्फ लल्लू से दो किस्तों में 17 लाख रुपये ब्याज पर लिये थे. इसके एवज में हर महीने 1.20 लाख रुपये ब्याज देना तय था. विकास ने मूलधन और ब्याज मिलाकर तीन किस्तों का भुगतान किया.
बाद में आर्थिक कारणों से किस्त देना बंद कर दिया. चंद्रशेखर का आरोप है कि अभिषेक ने विकास की फार्च्यूनर गाड़ी गिरवी रखवा ली थी. इसके अलावा, कई फॉर्म पर हस्ताक्षर और चेक भी ले रखे थे. लोन दिलाने वाले बिचौलिये निशांत भूषण का चेक भी उसके पास था.
चंद्रशेखर ने बताया कि विकास ने अभिषेक से कहा था कि गिरवी रखी गाड़ी बेचकर बकाया रकम चुका दी जाएगी और शेष राशि का भुगतान बाद में कर दिया जाएगा. लेकिन, अभिषेक इसके लिए तैयार नहीं हुआ.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वह ब्याज की रकम बढ़ाता रहा और बाद में 40 लाख रुपये की मांग करने लगा. पैसे नहीं देने पर परिवार को धमकियां दी जाने लगीं. करीब 15 दिन पहले भी अभिषेक अपने साथियों के साथ घर आया था और मिथिलेश के नाम पर खरीदी गई क्रेटा कार की चाबी जबरन लेकर चला गया था.
चंद्रशेखर ने बताया कि बुधवार की रात अभिषेक ने सिंहमोड़ में अपने साथियों को शराब पिलाई और फिर उनके घर पहुंच गया. इससे पहले उसके खाते में एक लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी किए गए थे.
रात करीब 11.45 बजे अभिषेक 12-15 युवकों के साथ गेट पीटने और हंगामा करने लगा. उसकी कमर में हथियार भी दिखाई दे रहा था. परिवार के लोगों ने उसे नशे की हालत में देखकर सुबह आने को कहा, लेकिन वह नहीं माना.
हंगामा शांत कराने के लिए चंद्रशेखर, विकास, मिथिलेश और परिवार के अन्य सदस्य नीचे आए. आरोप है कि अभिषेक और उसके साथियों ने महिलाओं समेत परिवार के लोगों के साथ मारपीट की. बीच-बचाव करने पहुंचे मोहल्ले के लोगों को भी पीटा गया. इस दौरान चंद्रशेखर और मिथिलेश की सोने की चेन छीनने का भी आरोप है.
चंद्रशेखर के अनुसार, मारपीट के बाद आरोपी घर से करीब 200 मीटर दूर जाकर खड़े हो गए और जान से मारने की धमकी देने लगे. इसके बाद कुछ और युवकों को बुलाया गया. उनमें से एक युवक हथियार लेकर घर के गेट के पास पहुंचा. परिवार के लोगों ने डरकर गेट बंद कर लिया.
तभी आरोपी ने गेट के अंदर हाथ डालकर गोली चला दी. गोली मिथिलेश की दाईं आंख को चीरते हुए सिर के पीछे से निकल गई. मिथिलेश की पांच साल की बेटी है और पत्नी गर्भवती है. घटना के बाद से पिता सदमे में हैं.








