डेस्क- बिहार के भोजपुर जिले में विवादित भोजपुरी गानों और सोशल मीडिया पर उनके प्रचार को लेकर पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. जातिगत वर्चस्व दिखाने, हथियारों का प्रदर्शन करने, रंगदारी और हिंसा को बढ़ावा देने के आरोप में भोजपुर पुलिस ने 45 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.
इस कार्रवाई में चर्चित भोजपुरी गायक टुनटुन यादव समेत कई गायक, गीतकार, स्टूडियो संचालक और सोशल मीडिया अकाउंट चलाने वाले लोग शामिल हैं.
मामला आरा साइबर थाने में दर्ज किया गया है. साइबर थाने के इंटरनेट मीडिया प्रभारी सह दारोगा निखिल राय के बयान पर यह प्राथमिकी दर्ज हुई है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस की सोशल मीडिया निगरानी के दौरान छह ऐसे भोजपुरी गाने सामने आए, जिनमें कथित तौर पर जातिगत दबदबा दिखाने, हथियारों का प्रदर्शन करने और दूसरे लोगों को धमकी देने जैसी सामग्री पाई गई.
पुलिस की प्राथमिकी में भोजपुरी गायक टुनटुन यादव के अलावा जिद्दी बाय चंदन, मिथिलेश राजा, बसंत सिंह, अजीत सिंह कुशवाहा, गोल्डी यादव, खुशबू राज, उज्ज्वल कुंवर, प्रियंका भास्कर, रीतेश ठाकुर, विजय यादव, सृष्टि भारती, राजा अविनाश और राधे बिहारी रोहित समेत कई लोगों के नाम शामिल हैं.
इस मामले में पुलिस ने केवल गायक और गीतकारों को ही नहीं, बल्कि गानों की रिकॉर्डिंग और निर्माण से जुड़े लोगों को भी जांच के दायरे में लिया है. प्राथमिकी में सिद्धार्थ स्टूडियो, शंकराय स्टूडियो, कालिका स्टूडियो, कुंवर स्टूडियो, गंगा स्टूडियो और जागृति स्टूडियो समेत कई स्टूडियो के नाम भी शामिल हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जांच के दौरान भोजपुर पुलिस ने छह विवादित भोजपुरी गानों को चिह्नित किया है. इन गानों पर इंस्टाग्राम के जरिए रील और वीडियो बनाकर प्रसारित किए जा रहे थे.
पुलिस को ऐसे आठ इंस्टाग्राम अकाउंट मिले हैं, जिनके माध्यम से इस तरह की सामग्री सोशल मीडिया पर साझा की जा रही थी. इसके अलावा एक यूट्यूब चैनल पर मौजूद गानों और वीडियो की भी जांच की जा रही है.
पुलिस के अनुसार, कुछ वीडियो में गानों के साथ हथियारों का प्रदर्शन किया गया है. वहीं, कई जगह जातिगत दबदबा दिखाने और दूसरे लोगों को धमकाने जैसी बातें भी सामने आई हैं. पुलिस को आशंका है कि इस तरह के गाने और वीडियो युवाओं को प्रभावित करने के साथ समाज में जातिगत तनाव बढ़ा सकते हैं.
FIR दर्ज होने के बाद साइबर पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह पता लगा रही है कि विवादित गानों को लिखने, गाने और रिकॉर्ड करने में किन लोगों की क्या भूमिका रही है.
इसके साथ ही गानों को सोशल मीडिया पर प्रचारित करने और उन पर रील बनाकर वायरल करने वाले अकाउंट संचालकों की भूमिका भी खंगाली जा रही है.
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि गानों के निर्माण से लेकर उनके सोशल मीडिया पर प्रसार तक किन-किन लोगों की भूमिका रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.








