पटना- लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हो गई. चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन और पवित्र अनुष्ठान के पहले दिन सुबह से ही पटना के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली.
गंगा घाटों पर सुबह से ही छठ गीतों और भक्तिमय माहौल के बीच महापर्व की शुरुआत हुई. आज के दिन छठ व्रतियों ने चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी का प्रसाद ग्रहण किया।
कल यानि शनिवार को व्रती दिन-भर उपवास रखकर शाम को खीर और रोटी के प्रसाद से भगवान को भोग लगाएंगी। इसके बाद स्वयं भी यही प्रसाद ग्रहण करेंगी। कहीं-कहीं दाल चावल के प्रसाद से भी खरना पूजा की जाती है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
छठ महापर्व की खासियत यही है कि इसकी आस्था सिर्फ व्रत करने वालों तक सीमित नहीं रहती. ऐसे भी कई लोग हैं, जो खुद छठ नहीं करते, लेकिन इस महापर्व में बढ़-चढ़ कर अपना योगदान देते हैं.
छठ महापर्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए डूबते और उगते, दोनों सूर्य की उपासना की जाती है. इस पर्व में शुद्धता, संयम, अनुशासन और लोक परंपराओं का विशेष महत्व है.
मिट्टी के चूल्हे पर प्रसाद तैयार करने से लेकर बांस के सूप और दउरा में पूजन सामग्री सजाने तक हर परंपरा अपने भीतर एक अलग धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व समेटे हुए है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
यही वजह है कि छठ सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि देश के अलग-अलग हिस्सों और विदेशों में रहने वाले बिहारियों के लिए भी भावनाओं और अपनी मिट्टी से जुड़ाव का पर्व बन चुका है.
नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ यह महापर्व अब अगले तीन दिनों तक अलग-अलग धार्मिक परंपराओं और अनुष्ठानों के साथ आगे बढ़ेगा. दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य और चौथे दिन उदीयमान सूर्य को उषा अर्घ्य दिया जाएगा. इसके बाद पारण के साथ 36 घंटे के निर्जला उपवास का समापन होगा.








