रांची- छठ घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए 15 और 16 नवंबर को शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन में बदलाव किया गया है.
इस दौरान भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी. वहीं, कई छठ घाटों की ओर जाने वाले रास्तों पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा. रांची ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं.
पुलिस अधीक्षक यातायात कार्यालय, रांची की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 15 नवंबर को सुबह आठ बजे से रात 11 बजे तक और 16 नवंबर को सुबह दो बजे से सुबह 10 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश वर्जित रहेगा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
हालांकि, भारी वाहन रिंग रोड से होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे. इसके अलावा 15 नवंबर को शाम दो बजे से रात आठ बजे तक छोटे मालवाहक वाहनों का भी रांची शहर में प्रवेश और परिचालन बंद रहेगा.
छठ के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी. 15 नवंबर को दोपहर तीन बजे से रात आठ बजे तक चांदनी चौक कांके से राम मंदिर के बीच दोनों ओर वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा.
इसी तरह फिरायालाल से चडरी तालाब की ओर जाने वाली सड़क और जेल चौक से फिरायालाल जाने वाले मार्ग पर भी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसके अलावा कचहरी चौक से राजभवन की ओर जाने वाली सड़क, सीएमपीडीआई चौक से कांके डैम की ओर जाने वाली सड़क और ओढ़नू बाबा आश्रम से बड़ा तालाब की ओर जाने वाले मार्ग पर भी सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा.
जैन मंदिर एवं महिला मारवाड़ी कॉलेज से बड़ा तालाब की ओर जाने वाली सड़क तथा लक्ष्मीनारायण मंदिर से ओढ़नू बाबा आश्रम की ओर जाने वाले रास्ते पर भी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी.
जुडिशियल अकादमी एवं सिठियो बस्ती से धुर्वा डैम छठ घाट की ओर जाने वाली सड़क पर भी सभी प्रकार के वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी.
छठ घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को अपने वाहन खड़े करने में परेशानी नहीं हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने शहर में 13 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की है.
इनमें प्रमुख रूप से रणधीर वर्मा चौक से हटिया तालाब जाने वाले मार्ग पर नगर निगम पार्क के सामने रोड किनारे, एसएसपी आवास चौक से हटिया तालाब जाने वाले रास्ते में रोड किनारे और जाविक ग्रीन पार्क से हटिया तालाब जाने वाले मार्ग पर निर्धारित स्थान शामिल हैं.
इसी तरह राम मंदिर से कांके डैम जाने वाले मार्ग पर सीएमपीडीआई चौक, गांधी नगर और रॉक गार्डन में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी. शालीमार बाजार से छठ तालाब जाने वाले मार्ग पर शालीमार बाजार तथा शहीद मैदान से छठ तालाब जाने वाले रास्ते पर शहीद मैदान में वाहन खड़े किए जा सकेंगे.
इसके अलावा जेल चौक के पास भगवान बिरसा मुंडा के पास, लालपुर यातायात थाना के पास, सजना चौक से बड़ा तालाब जाने वाले मार्ग पर सजना चौक और फिरायालाल के बीच बने पार्किंग स्थल पर भी वाहन पार्क किए जा सकेंगे.
चुटिया से स्वर्णरेखा नदी जाने वाले मार्ग पर सरस्वती शिशु मंदिर के बगल में, धुर्वा तालाब और चुटिया में रोड किनारे, किशोरगंज चौक से बड़ा तालाब जाने वाले मार्ग पर रोड किनारे तथा देवेंद्र मांझी चौक के पास निवारणपुर में भी पार्किंग की व्यवस्था की गई है.
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर शहर के अन्य मार्गों पर भी कुछ समय के लिए वाहनों को डायवर्ट किया जा सकता है या उनका परिचालन रोका जा सकता है. इसका उद्देश्य छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में परेशानी से बचाना तथा शहर में जाम की स्थिति नहीं बनने देना है.
रांची ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने लोगों से अपील की है कि छठ घाटों पर जाने के दौरान निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें और प्रतिबंधित रास्तों पर वाहन लेकर जाने से बचें. यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन कर श्रद्धालु पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सहयोग करें.








