पटना- सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ की सियासी गलियारों में जोर शोर से चर्चा हो रही है. इस किताब में उन्होंने आरोप लगाया है कि नीतीश कुमार सत्तारूढ़ NDA में फिर से शामिल होने का मौका तलाश रहे थे और उन्होंने जनवरी 2024 में एक निरर्थक बहाना बनाकर ‘इंडिया’ गठबंधन छोड़ दिया था.
अब इस पर जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण में नीतीश कुमार के खिलाफ ओछी और निरर्थक टिप्पणियां कीं.
संजय झा ने सोनिया गांधी को याद दिलाया कि बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कई विपक्षी दलों को एकजुट कर ‘इंडिया’ गठबंधन के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. उन्होंने कहा कि इन दलों के अधिकतर नेता कांग्रेस को गठबंधन से बाहर रखकर विपक्षी एकता बनाने के पक्ष में थे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
राज्यसभा सदस्य संजय झा ने मीडिया से बातचीत में कहा, ‘‘वह एक वरिष्ठ नेता हैं. उनसे इस तरह की ओछी और निरर्थक टिप्पणियों की उम्मीद नहीं थी.
ऐसा लगता है कि यह कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं का स्वभाव बन गया है.” संजय झा उन नेताओं में शामिल थे, जिन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विरोधी राजनीतिक दलों के नेताओं को एकजुट करने के लिए नीतीश कुमार के साथ देशभर की यात्रा की थी.
उन्होंने आगे कहा, ‘‘कांग्रेस को याद रखना चाहिए कि विपक्षी गठबंधन का गठन उसकी अपनी सद्भावना के कारण नहीं, बल्कि हमारे नेता की विश्वसनीयता की वजह से हुआ था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
नीतीश कुमार को पांच दशक का राजनीतिक अनुभव है. उन्होंने इमरजेंसी के दौरान छात्र आंदोलन से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी और इस दौरान उन्हें जेल भी जाना पड़ा था.
उन्होंने ऐसे कई नेताओं को एकजुट करने में सफलता हासिल की, जो कांग्रेस के बिना गठबंधन बनाना चाहते थे. हमारे नेता के प्रयासों से ही वे इसके लिए तैयार हुए थे.’’
संजय झा ने ये भी कहा कि यह नहीं भूलना चाहिए कि हमारे नेता नीतीश कुमार ने वर्ष 2023 में विपक्षी नेताओं की पहली बैठक की मेजबानी की थी, लेकिन चीजें उस तरीके से आगे नहीं बढ़ीं, जैसी वह चाहते थे.








