खगड़िया- खगड़िया के पूर्व एसपी भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा सिंह पर सरकारी आवास पर धरना देकर पुलिस से भिड़ने का आरोप है. इस मामले में अब केस दर्ज कर लिया गया है.
सरकारी कामकाज बाधित करने और ड्यूटी पर तैनात थानाध्यक्ष की सर्विस पिस्टल छीनने का प्रयास करने के आरोप में पूजा सिंह समेत सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
थानाध्यक्ष के आवेदन पर चार नवंबर को दर्ज प्राथमिकी में पूजा सिंह के अलावा उनकी मां पुष्पा देवी पारिक, भाई नीरज कुमार पारिक, बहन आरती सिंह, बहनोई सोनू सिंह, मामा प्रमोद मिश्रा और धनवत सिंह राठौर को नामजद किया गया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
आवेदन के अनुसार, पूजा सिंह और उनके परिजनों ने पूर्व एसपी के सरकारी आवास के मुख्य द्वार पर धरना दिया था. इससे सरकारी कार्यों के संचालन में बाधा उत्पन्न होने का आरोप लगाया गया है.
प्राथमिकी में बताया गया है कि पूजा सिंह ने तीन नवंबर की सुबह 7:15 बजे से 9:15 बजे तक सरकारी आवास के मुख्य द्वार पर धरना दिया था. इसके बाद उसी दिन शाम पांच बजे से चार नवंबर की सुबह 6:30 बजे तक धरना जारी रखा. इस दौरान आवास के अंदर आने-जाने पर रोक लगाने का भी आरोप लगाया गया है.
थानाध्यक्ष ने अपने आवेदन में कहा है कि धरना समाप्त कराने और पूजा सिंह को मुख्य द्वार से हटने के लिए कहा गया तो उन्होंने विरोध किया. आरोप है कि इसी दौरान पूजा सिंह ने ड्यूटी पर तैनात थानाध्यक्ष की सर्विस पिस्टल पकड़कर छीनने का प्रयास किया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बताया जाता है कि पूजा सिंह ने पुलिस पदाधिकारी से कहा कि उन्हें गोली मार दें या एनकाउंटर कर दें, लेकिन जब तक उन्हें आवास के अंदर जाने नहीं दिया जाएगा, तब तक वह किसी को आने-जाने नहीं देंगी. इसी घटना को प्राथमिकी का आधार बनाया गया है.
फिलहाल पुलिस ने थानाध्यक्ष के आवेदन के आधार पर सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. मामले में प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.








