बगहा- बिहार में पिछले कई सालों से शराबबंदी लागू है. इसके बावजूद शराब की तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रही है. तस्कर पुलिस की नजर से बचने के लिए हर बार कोई नया तरीका अपना ही लेते हैं.
ऐसा ही एक अनोखा मामला बगहा में सामने आया है. यहां तस्कर अंडे के कैरेट में छिपाकर अंग्रेजी शराब ले जा रहे थे. हालांकि धनहा चेकपोस्ट पर पुलिस जांच ने इस खेल का पर्दाफाश कर दिया.
धनहा थाना पुलिस चेकपोस्ट पर रोजाना की तरह वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान पुलिस की नजर एक पिकअप पर पड़ी और पुलिस ने गाड़ी को रोककर उसकी तलाशी लेना शुरू कर दिया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस दौरान पिकअप में रखे अंडे के कैरेट के बीच छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब मिली. शराब को इस तरह से छिपाया गया था कि देखने पर ऐसा लगे कि पिकअप में सिर्फ अंडे ही लदे हैं, लेकिन जब पिकअप की तलाशी ली गई तो अंदर शराब की बोतलें रखी हुई थीं.
पुलिस का कहना है कि यह खेप बेतिया की तरफ ले जाई जा रही थी. शराब को ठिकाने तक पहुंचाने से पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया. मौके पर पुलिस ने पिकअप के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया और शराब लदे वाहन को जब्त कर लिया.
गिरफ्तार चालक की पहचान परसौनी गांव के रहने वाले निरंजन गिरी के रूप में हुई है. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि यह शराब कहां से लाई गई थी और बेतिया में इसे किसे पहुंचाया जाना था.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस का कहना है कि शराब के खिलाफ लगातार अभियान जारी है और तस्करी में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि जिले में शराबबंदी के बीच चेकपोस्टों पर जांच और तेज की जाएगी.








