पटना- बिहार की राजधानी पटना के सिविल कोर्ट में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ परिवाद दायर किया गया है. पटना सिविल कोर्ट के अधिवक्ता धीरज कुमार ने यह परिवाद दायर किया है.
परिवादी का आरोप है कि खरगे की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके पिता को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान से वह काफी आहत हुए हैं. मामले में आज ही सुनवाई होने की बात कही गई है.
धीरज कुमार का कहना है कि उन्होंने सोशल मीडिया और विभिन्न न्यूज चैनलों के माध्यम से इस बयान को देखा और सुना. उनका आरोप है कि देश के प्रधानमंत्री के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किए जाने से उन्हें काफी ठेस पहुंची है. इसी को आधार बनाकर उन्होंने अदालत का दरवाजा खटखटाया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
परिवादी धीरज कुमार के मुताबिक मल्लिकार्जुन खरगे के विवादित बयान को लेकर उन्होंने 28 अक्टूबर को पटना सिविल कोर्ट में परिवाद दायर किया है. उनका कहना है कि सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण पदों पर बैठे लोगों की ओर से दिए जाने वाले बयानों को लेकर जिम्मेदारी बरतनी चाहिए.
बता दें कि बीते रविवार को पटना के बापू सभागार में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे एक कार्यक्रम के दौरान वोट चोरी और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे.
इस बात का सभागार में मौजूद एक शख्स ने विरोध किया और कहा कि प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाने वाले. इस पर खरगे ने पीएम मोदी के पिता पर विवादित बयान दे डाला. खरगे की इस आपत्तिजनक बयान के बाद से ही सियासी गलियारों में हंगामा खड़ा हो गया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








