डेस्क- चक्रवात ‘अर्नब’ की आहट और तटवर्ती इलाकों में जारी अलर्ट के बीच पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मंदारमणि (ताजपुर) में एक हादसा हो गया. समुद्र में नहाते समय 3 पर्यटक तेज लहरों की चपेट में आ गये.
तट पर मौजूद तटीय बचावकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल ले जाने पर एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. घटना के बाद प्रशासन ने चक्रवात के बीच समुद्र तटों पर सुरक्षा घेरा और कड़ा कर दिया है.
बताया जा रहा है कि पूर्व मेदिनीपुर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र से कुछ लोग ताजपुर के मल्लिका बीच के पास पिकनिक मनाने पहुंचे थे. पिकनिक के दौरान 3 युवक समुद्र में नहाने उतर गये.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
चक्रवात के कारण समुद्र में उठ रही ऊंची लहरों को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात नुलियाओं ने सतर्कता दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला. तीनों को समुद्र से दूर रहने की हिदायत दी.
नुलियाओं के इधर-उधर होते ही तीनों युवक कुछ ही देर बाद फिर से समुद्र में नहाने के लिए उतर गये. इस बार समुद्र के तेज बहाव में तीनों गहरे पानी में समाने लगे.
चीख-पुकार सुनकर नुलियाओं ने स्थानीय लोगों की मदद से दोबारा पानी में छलांग लगायी और तीनों को बाहर निकालकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
वहीं, चक्रवात ‘अर्नब’ के मद्देनजर राज्य आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय पुलिस ने पर्यटकों से समुद्र तटों के पास न जाने और लाल झंडे लगे इलाकों में पानी में न उतरने की अपील की है.
इधर, चक्रवात अर्नब का प्रभाव पूर्व मेदिनीपुर जिले में दोपहर 2 बजे के बाद से ही दिखने लगा. जिले के अलग-अलग इलाकों में घने बादलों ने आसमान में डेरा डाल दिया. तेज हवाएं चलने लगीं. बिजली कड़कने लगी. दीघा के आसपास हल्दिया, महिषादल, नंदकुमार समेत कई इलाकों में बारिश भी शुरू हो गयी.
मंगलवार को दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, झारग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर, हावड़ा और कोलकाता के कुछ इलाकों में भी बारिश हुई.








