लोहरदगा- लोहरदगा से दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है जहां नवविवाहित जोड़े ने खुद पर पेट्रोल छिड़क कर आत्महत्या कर ली.
घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा और मातम पसरा हुआ है. मृतकों की पहचान धनामुंजी निवासी लोथे उरांव के पुत्र अजित उरांव (25 वर्ष) और उसकी पत्नी बाल्मीकि उरांंव (20 वर्ष) के रूप में हुई है.
बताया जाता है कि बीती रात करीब 8 बजे अजित ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया. इसके बाद पति-पत्नी एक ही कंबल में लिपट गए और कंबल पर पेट्रोल उड़ेल कर माचिस से आग लगा ली.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कमरे से आग की लपटें उठती देख परिजन चीखने-चिल्लाने लगे. दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे तो दोनों बुरी तरह झुलस चुके थे. परिजनों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी और दोनों को भंडरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.
जहां गंभीर रूप से झुलसे अजित ने दम तोड़ दिया, जबकि उसकी पत्नी को डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति में रिम्स, रांची रेफर कर दिया. रिम्स में इलाज के दौरान पत्नी ने भी दम तोड़ दिया.
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि अजित मानसिक रूप से थोड़ा कमजोर था और वह काफ़ी नशा करता था. उसकी शादी करीब एक साल पहले ही हुई थी. दंपति के कोई संतान नहीं थे.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
ग्रामीणों के अनुसार परिवार में किसी प्रकार का बड़ा विवाद नहीं था, लेकिन अजित अक्सर अकेला रहता था. आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक तनाव में आकर उसने यह कदम उठाया.
आत्महत्या के असली कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया सुमित उरांव और भंडरा थाना प्रभारी मनोज गुप्ता दल-बल के साथ धनामुंजी गांव पहुंचे.
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों का बयान दर्ज किया. थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर हर बिंदु पर जांच की जा रही है.








