चाईबासा- झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला में डायन-बिसाही के अंधविश्वास से जुड़ी एक गंभीर घटना सामने आई है. इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है. मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
कराईकेला थाना क्षेत्र के कोलजोमरो गांव में 46 वर्षीय महिला की कथित तौर पर लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई. बताया जाता है कि शुक्रवार की रात वह अपने घर में सो रही थीं.
इसी दौरान चार आरोपी कथित तौर पर उनके घर में घुस आए और उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, हमले में महिला की मौत हो गई. इस वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
शनिवार सुबह परिजनों ने महिला का शव घर में पड़ा देखा. इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई. महिला की हत्या की खबर फैलते ही गांव और आसपास के इलाके में चिंता का माहौल बन गया.
घटना की जानकारी मिलने पर कराईकेला थाना प्रभारी प्यार हसन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की. पुलिस की कार्रवाई के दौरान दो संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, उनसे पूछताछ की जा रही है. वहीं, घटना में कथित रूप से शामिल दो अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)








