रांची- राजधानी रांची में लगातार हो रही बारिश से शहर की सड़कों पर जलजमाव हो गया है. शुक्रवार के कई इलाकों में सड़कें पानी में डूबी नजर आईं.
निचले इलाकों और कॉलोनियों में पानी जमा होने के कारण लोगों को आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई प्रमुख सड़कों पर पानी जमा रहने से वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और जगह-जगह जाम की स्थिति बनी रही. इस दौरान वाहन रेंगते नजर आए.
लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़क और नाली का अंतर खत्म हो गया. नालियों का पानी सड़कों पर आने से स्थिति और खराब हो गई. दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हुई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
कई जगह सड़क पर पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगने के कारण वाहन चालक संभलकर गुजरते नजर आए. पैदल चलने वाले लोगों को भी पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा.
शहर के एजी मोड़, कडरू, कोकर, डोरंडा, सुरेंद्रनाथ स्कूल के आसपास, स्टेशन रोड, नामकुम और चुटिया के आसपास के इलाकों में बारिश का असर साफ दिखाई दिया.
कई जगह सड़क किनारे पानी जमा रहा, जबकि कुछ स्थानों पर मुख्य सड़क के हिस्से भी जलमग्न नजर आए. लगातार बारिश के बीच वाहनों की आवाजाही बनी रही, लेकिन जलजमाव के कारण यातायात प्रभावित रहा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
बारिश के साथ तेज हवाओं ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से सड़कों पर आवागमन बाधित हो गया.
कुछ स्थानों पर बिजली के तार टूटने के कारण बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई. संबंधित विभागों की टीमें जलजमाव, गिरे पेड़ और बिजली से जुड़ी समस्याओं को दूर करने में जुटी रही.
लगातार बारिश का असर शहर के कारोबार पर भी पड़ा. सड़क किनारे दुकान लगाने वाले, रेहड़ी-पटरी वाले और दैनिक मजदूरों को खासा परेशानी हुई. बारिश के कारण लोगों की आवाजाही कम रही, जिससे छोटे कारोबारियों का काम प्रभावित हुआ.
बारिश के बीच शहर की कई सड़कों पर जलजमाव के कारण लोगों को सामान्य दूरी तय करने में भी अधिक समय लगा. मुख्य सड़कों के अलावा मोहल्लों और कॉलोनियों के अंदर की सड़कों पर भी पानी जमा होने से लोगों को घर से निकलने में परेशानी हुई. कई जगह बड़े पेड़ भी गिरे और दुर्घटनाओं की खबर भी सामने आई.
बता दें, बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के प्रभाव से पिछले दो-तीन दिनों से झारखंड में बारिश का दौर जारी है. राजधानी में भी लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित है.
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 25 और 26 सितंबर को बारिश का असर बने रहने की संभावना है. 27 सितंबर से मौसम में सुधार की संभावना जताई गई है, जबकि 28 सितंबर से बारिश से राहत मिलने की संभावना है.








