नवादा- बिहार के नवादा में एक सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक पर छात्राओं के साथ छेड़खानी और गलत तरीके से छूने के आरोप के बाद हंगामा मच गया.
मामला नवादा सदर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, आनंदपुरा का है. स्कूल की आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्राओं ने 52 साल के प्रधानाध्यापक महेश प्रसाद यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं. छात्राओं की शिकायत सामने आने के बाद स्कूल परिसर में स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों की भीड़ जुट गई.
मामले को लेकर लोगों ने जमकर हंगामा किया. स्थिति बिगड़ने की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद नगर थाना और डायल-112 की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
छात्राओं ने प्रधानाध्यापक पर उनके साथ अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाया है. छात्राओं के मुताबिक प्रधानाध्यापक उन्हें गोद में उठा लेते थे और गाल छूते थे. छात्राओं ने आरोप लगाया कि जब वे बाथरूम जाती थीं तो प्रधानाध्यापक उनके पीछे-पीछे आते थे.
उनका आरोप है कि प्रधानाध्यापक बाथरूम की तरफ आकर ताक-झांक भी करते थे. छात्राओं की ओर से लगाए गए इन आरोपों के सामने आने के बाद स्कूल में मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई. स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों ने स्कूल परिसर में हंगामा किया और मामले को लेकर पुलिस को सूचना दी.
पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद छात्राओं की शिकायत के आधार पर प्रधानाध्यापक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई. पुलिस ने बताया कि शिकायत में प्रधानाध्यापक पर छात्राओं के साथ छेड़खानी और गलत नीयत से छूने के आरोप लगाए गए हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस मामले में POCSO एक्ट की गंभीर धाराएं भी जोड़ी गई हैं. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रधानाध्यापक महेश प्रसाद यादव को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी प्रधानाध्यापक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.








