भागलपुर- पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर और सोनपुर मंडल में 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग का काम होगा. इसके चलते बड़ी संख्या में ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट और री-शेड्यूल किया गया है.
भागलपुर से चलने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनें भी इससे प्रभावित होंगी. दरअसल मोकामा स्थित राजेंद्र पुल पर डबल लाइन से जुड़े विकास कार्य को लेकर रेलवे ने ये बदलाव किया है.
पूर्व मध्य रेलवे के मुताबिक राजेंद्र पुल स्टेशन पर नए पुल को डबल लाइन से जोड़ने और दिनकर ग्राम सिमरिया-बड़ौनी के बीच मुख्य लाइन कनेक्शन का काम किया जाना है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इसके लिए राजेंद्र पुल, हाथीदह जंक्शन अपर, टाल, रामपुर डुमरा और दिनकर ग्राम सिमरिया स्टेशनों पर प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य होगा. प्री-नॉन इंटरलॉकिंग का काम 21 सितंबर से शुरू होगा, जबकि नॉन-इंटरलॉकिंग का काम 4 अक्टूबर तक चलेगा.
इस दौरान रेलवे ने कुल 64 ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों में रद्द करने का फैसला लिया है. भागलपुर के यात्रियों के लिए भी यह बदलाव महत्वपूर्ण है. 13419/13420 भागलपुर-मुजफ्फरपुर-भागलपुर जनसेवा एक्सप्रेस 25 सितंबर से 4 अक्टूबर तक रद्द रहेगी.
वहीं 13423 भागलपुर-अजमेर साप्ताहिक हमसफर एक्सप्रेस 24 सितंबर और 1 अक्टूबर को रद्द रहेगी. इसके अलावा 22405 भागलपुर-आनंद विहार टर्मिनल गरीब रथ एक्सप्रेस को 22, 24, 26, 29 सितंबर और 1 व 3 अक्टूबर को बदले हुए रूट से चलाया जाएगा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
रेलवे ने कई ट्रेनों के रूट में भी बदलाव किया है. कुछ ट्रेनें किऊल-गया-ग्रैंड कॉर्ड लाइन, जबकि कई ट्रेनें झाझा-किऊल-शेखपुरा-बिहारशरीफ-बख्तियारपुर के रास्ते चलेंगी. वहीं कुछ ट्रेनों को बरौनी-मुंगेर-भागलपुर-साहिबगंज-रामपुरहाट होकर डायवर्ट किया गया है.
डायवर्ट की गई कुछ ट्रेनों को भागलपुर, साहिबगंज और रामपुरहाट जैसे स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव भी दिया जाएगा. 15097 भागलपुर-जम्मू तवी अमरनाथ एक्सप्रेस 24 सितंबर और 1 अक्टूबर को रतनपुर-मुंगेर-बरौनी होकर चलेगी, जबकि 15098 जम्मू तवी-भागलपुर अमरनाथ एक्सप्रेस 22 और 29 सितंबर को बरौनी-मुंगेर-रतनपुर होकर चलेगी.
इसके अलावा 63571 जसीडीह-मोकामा मेमू 20 सितंबर से 4 अक्टूबर तक किऊल स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट होगी, वहीं 63572 मोकामा-जसीडीह मेमू 21 सितंबर से 5 अक्टूबर तक किऊल से ही शॉर्ट ओरिजिनेट होगी. रेलवे ने कुछ ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया है.
12367 भागलपुर-आनंद विहार टर्मिनल विक्रमशिला एक्सप्रेस 3 अक्टूबर को भागलपुर से 3 घंटे की देरी से रवाना होगी. 13229 गोड्डा-राजेंद्र नगर टर्मिनल साप्ताहिक एक्सप्रेस भी 3 अक्टूबर को गोड्डा से 3 घंटे देरी से चलेगी. वहीं 13331 धनबाद-पटना इंटरसिटी 3 घंटे और 18183 टाटानगर-बक्सर एक्सप्रेस 2 घंटे की देरी से चलेगी.
मोकामा के राजेंद्र पुल और सिमरिया में होने वाले इस रेल विकास कार्य का असर सितंबर के आखिरी सप्ताह से अक्टूबर के पहले सप्ताह तक ट्रेन परिचालन पर रहेगा.
पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि इन परिस्थितियों में भागलपुर समेत इस रूट से सफर करने वाले यात्री अपनी यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस और बदला हुआ रूट जांच लें.








