पटना- भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर पटना के बुद्ध मार्ग स्थित इस्कॉन मंदिर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है. जन्माष्टमी के पावन अवसर पर बांके बिहारी के दरबार को आकर्षक तरीके से सजाया गया है.
मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है. भक्त भगवान कृष्ण के दर्शन के लिए कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं.
मंदिर परिसर में गूंज रहे हरे कृष्णा, हरे राम के संकीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है. श्रद्धालु हरे कृष्णा की धुन पर झूमते और भगवान की भक्ति में लीन नजर आ रहे हैं. बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान कृष्ण के बाल रूप को पालने में झूला झुलाकर जन्माष्टमी का उत्सव मना रहे हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस्कॉन मंदिर के बांके बिहारी प्रांगण में प्रदेश के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी के साथ पहुंचे. यहां उन्होंने भगवान की पूजा अर्चना की और बांके बिहारी को आरती दिखाकर प्रदेश की खुशहाली की कामना की. उन्होंने राधे कृष्ण की मूर्ति पर पंचगव्य का अभिषेक भी किया और पालने में भगवान के स्वरूप को झूला झुलाया.
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि आज उन्होंने जन्माष्टमी के मौके पर भगवान की पूजा अर्चना कर प्रदेश के खुशहाली की कामना की है. जिस प्रकार भगवान कृष्ण हमेशा से संकट से निकलने का राह दिखाएं हैं उसी प्रकार बिहार के युवाओं को आज भगवान कृष्ण से सीख लेना चाहिए.
मंदिर प्रबंधन के मुताबिक, जन्माष्टमी के मौके पर आधी रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का महाभिषेक किया जाएगा. इसके लिए विभिन्न पवित्र नदियों के जल और पंचगव्य से 108 कलश तैयार किए गए हैं.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मध्य रात्रि में भगवान के जन्म के बाद विशेष अभिषेक और पूजा-अर्चना होगी. इसके बाद भक्तों को भगवान के बाल स्वरूप के दर्शन कराए जाएंगे.
जन्माष्टमी के इस विशेष आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है. मंदिर में आने वाले भक्तों के लिए दर्शन और पूजा की व्यवस्था को व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया गया है.
इस बार जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर की सजावट के लिए बेंगलुरु, पुणे और कोलकाता समेत कई स्थानों से करीब 8 टन फूल मंगाए गए हैं. इन फूलों से मंदिर परिसर और बांके बिहारी के दरबार को विशेष रूप से सजाया गया है.
फूलों की सजावट के बीच भगवान श्रीकृष्ण का दरबार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बना हुआ है. मंदिर में प्रवेश करने वाले भक्तों को अलग-अलग व्यवस्थाओं के माध्यम से दर्शन कराने की तैयारी की गई है, ताकि भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े.
मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं. पटना के जीपीओ गोलंबर से लेकर मंदिर के अंदर तक बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है.
श्रद्धालुओं को कतार के माध्यम से मंदिर में प्रवेश कराया जा रहा है. भीड़ पर नजर रखने और किसी भी तरह की अवांछित गतिविधि को रोकने के लिए मंदिर परिसर में 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं.
मंदिर प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है कि वे मंदिर में प्रवेश करने से पहले अपने चप्पल-जूते की सुरक्षा की व्यवस्था खुद करें.
इस्कॉन मंदिर के प्रवक्ता नंद गोपाल दास ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर इस बार मंदिर में विशेष तैयारियां की गई हैं. बांके बिहारी के दरबार को फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया है. जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है.








