डेस्क- दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान CJP एक्टिविस्ट निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ कथित मारपीट के मामले में स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से हिरासत में ले लिया है.
पुलिस की कार्रवाई उस समय हुई, जब कॉकरोच जनता पार्टी के नेताओं ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर प्रदर्शन किया था. प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने आरोपी को 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने का भरोसा दिया था.
पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पर प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधियों ने दावा किया था कि दिल्ली पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है. पुलिस ने मामले की एफआईआर में SC-ST एक्ट की धारा भी जोड़ी है. इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पुलिस की टीम स्वतंत्र भारद्वाज की तलाश में बुलंदशहर पहुंची, लेकिन बताया गया कि वह पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां से निकल चुका था.
सूत्रों के मुताबिक, भारद्वाज नैथला गांव से मोटरसाइकिल से खुर्जा की ओर निकला था. पहचान छिपाने के लिए उसने हेलमेट पहन रखा था. उसके संभावित ठिकानों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की कई टीमें लगाई गईं.
आरोपी की तलाश के दौरान पुलिस ने स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई. बताया गया कि पुलिस टीमों ने कुछ स्थानीय पत्रकारों से भी पूछताछ की और भारद्वाज के संभावित रास्तों और ठिकानों के बारे में जानकारी हासिल की. काफी तलाश के बाद पुलिस उसे हिरासत में लेने में कामयाब हुई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
स्वतंत्र भारद्वाज ने जंतर-मंतर की घटना को लेकर अपने ऊपर लगाए गए आरोपों पर सफाई भी दी थी. उसका कहना था कि संजय कुमार के साथ हुई मारपीट आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई थी. भारद्वाज ने दावा किया था कि अगर उसने खुद को बचाने के लिए ऐसा नहीं किया होता तो भीड़ उसकी जान ले सकती थी.
इस बीच स्वतंत्र भारद्वाज से जुड़े एक पॉडकास्ट की क्लिप सोशल मीडिया पर सामने आई थी. इसमें वह कथित तौर पर जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार करता दिखाई देता है. वीडियो में भारद्वाज पर संजय कुमार की खोपड़ी फोड़ने की बात कहने का भी दावा किया गया.
पॉडकास्ट क्लिप सामने आने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे. पार्टी की ओर से आरोप लगाया गया था कि पुलिस ने मामले में पर्याप्त कार्रवाई नहीं की. इसी मांग को लेकर पार्टी के प्रतिनिधियों ने पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर प्रदर्शन किया था.
इससे पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने X पर पोस्ट कर निशु को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि निशु अपने समुदाय और छात्रों के अधिकारों के लिए आवाज उठाती हैं, इसलिए उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह पर आरोपी को बचाने का आरोप लगाया और पूछा कि आरोपी के खिलाफ अब कार्रवाई होगी या नहीं।
राहुल के समर्थन के बाद निशु ने कहा कि अब उसे न्याय मिलने की उम्मीद है। उसने कहा कि राहुल जैसे बड़े नेता का साथ मिलने से भरोसा बढ़ा है और उसे उम्मीद है कि स्वतंत्र भारद्वाज को जेल भेजा जाएगा।








