चतरा- चतरा के सदर थाना क्षेत्र के बरैनी पंचायत पूरनाडीह गांव स्थित तड़गू नदी में शुक्रवार को दो बच्चों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. एक बच्चे का शव नदी के अंदर जबकि दूसरे का शव नदी किनारे से बरामद किया गया है. हालांकि दोनों बच्चों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है.
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की सुबह तीन बच्चे नदी में नहाने गए थे. इसी दरमियान दो बच्चे गहरे पानी में चले गये और डूब गये. घटना के बाद एक अन्य बच्चे का भी पता नहीं चल पाया है, वह नदी में डूबा है या वहां से निकलकर कहीं और चला गया, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है.
नदी में दो बच्चों के शव देखकर ग्रामीणों ने तत्काल सदर थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालने के साथ दोनों की पहचान में जुट गई है, साथ ही तीसरे बच्चे की भी तलाश की जा रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई. घटनास्थल के पास ग्रामीणों को दो साइकिल, तीन जोड़ी चप्पल, दो बैग और अन्य सामान मिला है. सामान मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन करते हुए बच्चों की पहचान कराने का प्रयास कर रही है.








