रांची- केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की एंटी करप्शन ब्रांच ने रांची में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. सीबीआई ने क्षेत्रीय वेतन एवं लेखा कार्यालय (RPAO), CISF, गृह मंत्रालय में तैनात तीन अधिकारियों को 48,400 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार आरोपियों में वरिष्ठ लेखा अधिकारी संतोष कुमार महतो, सहायक लेखा अधिकारी सुनील कुमार और सहायक लेखा अधिकारी सुजीत कुमार सिंह शामिल हैं.
सीबीआई के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मामला CISF के जवानों से जुड़े यात्रा भत्ता (TA), बच्चों की शिक्षा भत्ता (CEA) और दूसरे लंबित बिलों के भुगतान से जुड़ा है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
प्रयागराज स्थित CISF की NTPC यूनिट में तैनात हेड कांस्टेबल रविकांत त्रिपाठी ने अधिकारियों के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत सीबीआई से की थी.
शिकायत के अनुसार, लंबित बिलों का भुगतान कराने और उनकी प्रक्रिया आगे बढ़ाने के बदले अधिकारियों की ओर से रिश्वत की मांग की जा रही थी. शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने पहले आरोपों का सत्यापन किया, शिकायत सही पाए जाने के बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई.
सीबीआई ने 27 अगस्त को रांची स्थित RPAO कार्यालय में जाल बिछाया. शिकायतकर्ता जैसे ही रिश्वत की रकम लेकर पहुंचा और 48,400 दिए, पहले से मौजूद सीबीआई अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को पकड़ लिया. मौके से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा बढ़ाते हुए सीबीआई की अलग-अलग टीमों ने रांची और धनबाद में आरोपियों से जुड़े पांच ठिकानों पर छापेमारी की. तलाशी के दौरान कई दस्तावेज और नकदी मिलने की बात सामने आई है.
बरामद सामान की जांच की जा रही है. सीबीआई ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है. उन्हें 28 अगस्त को सक्षम सीबीआई अदालत में पेश किया जाएगा. अधिकारियों से पूछताछ और छापेमारी में मिले दस्तावेजों के आधार पर मामले की आगे की जांच जारी है.








