समस्तीपुर- जिले के रोसड़ा अनुमंडल से सामने आया है, जहां भूमि विवाद से जुड़े एक मामले के निपटारे के एवज में कथित तौर पर रिश्वत मांगने वाली DCLR कंचन कुमारी झा को निगरानी की टीम ने गुरुवार सुबह रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
आरोप है कि उन्होंने विभूतिपुर निवासी एक व्यक्ति से जमीन विवाद से जुड़े मामले को सुलझाने के बदले 2 लाख रुपये नकद और एक वॉशिंग मशीन की मांग की थी।
सूत्रों के अनुसार, विभूतिपुर निवासी मनोज कुमार महतो का जमीन विवाद से जुड़ा एक मामला DCLR कार्यालय में चल रहा था। आरोप है कि मामले के समाधान के लिए उनसे रिश्वत की मांग की गई। शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को दी।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
शिकायत मिलने के बाद निगरानी टीम ने मामले की जांच और सत्यापन किया। आरोप सही पाए जाने के बाद कार्रवाई की योजना बनाई गई। गुरुवार सुबह शिकायतकर्ता मनोज कुमार महतो को साथ लेकर निगरानी की टीम रोसड़ा स्थित DCLR के सरकारी आवास पहुंची। टीम ने पूरी तैयारी के साथ ट्रैप बिछाया था।
बताया जा रहा है कि रिश्वत की रकम लेने के दौरान ही टीम ने DCLR को रंगेहाथ पकड़ लिया। कार्रवाई इतनी अचानक हुई कि सरकारी आवास पर मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते निगरानी अधिकारियों ने आवास को अपने नियंत्रण में ले लिया।
गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम ने DCLR के सरकारी आवास की गहन तलाशी ली। सूत्रों के अनुसार, तलाशी के दौरान करीब 13 लाख रुपये नकद मिलने की बात सामने आ रही है। हालांकि, इस रकम को लेकर निगरानी की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
तलाशी के दौरान टीम ने जमीन विवाद से जुड़े मामलों और फैसलों की फाइलों को भी खंगाला। इसके अलावा दाखिल-खारिज और म्यूटेशन से संबंधित दस्तावेज, बैंक पासबुक, निवेश के कागजात और लॉकर से जुड़ी जानकारियों की भी जांच की गई।
निगरानी अधिकारियों की नजर इस बात पर भी रही कि अधिकारी के पास मौजूद नकदी, संपत्ति और निवेश के स्रोत क्या हैं। जांच में मिले दस्तावेजों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।








