मोतिहारी- बिहार में कई ट्रेनों के परिचालन में बड़ा बदलाव आने वाला है. वाराणसी मंडल के गोरखपुर कैंट-पनियहवा रेलखंड पर गोरखपुर कैंट और उनौला स्टेशनों के बीच पैच दोहरीकरण के कमीशनिंग तथा नॉन-इंटरलॉकिंग यानी एनआई कार्य के कारण ट्रेनों के परिचालन में ये बदलाव किया गया है.
इस परिचालन बदलाव का सीधा असर बापूधाम मोतिहारी सहित चंपारण क्षेत्र के हजारों रेल यात्रियों पर पड़ सकता है. खासकर उन यात्रियों को परेशानी हो सकती है, जो इस अवधि में मोतिहारी, चकिया, पिपरा, मेहसी, सुगौली, बेतिया, चनपटिया, नरकटियागंज, हरिनगर और बगहा की यात्रा करने वाले हैं.
सबसे महत्वपूर्ण बदलाव अमृतसर से दरभंगा जाने वाली 15212 अमृतसर-दरभंगा जननायक एक्सप्रेस में किया गया है. यह ट्रेन 1 और 2 सितंबर को अपने नियमित मार्ग से नहीं चलेगी. ट्रेन को रोजा-लखनऊ-अयोध्या कैंट-वाराणसी-छपरा ग्रामीण-मुजफ्फरपुर के रास्ते दरभंगा भेजा जाएगा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
रूट डायवर्ट होने के कारण जननायक एक्सप्रेस बापूधाम मोतिहारी, चकिया, पिपरा, मेहसी, सुगौली, बेतिया, चनपटिया, नरकटियागंज, हरिनगर और बगहा जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर नहीं जाएगी. ऐसे में इन स्टेशनों से इस ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेन या अन्य यात्रा साधन की व्यवस्था करनी होगी.
एनआई कार्य के कारण कई ट्रेनों के परिचालन समय में भी बड़ा बदलाव किया गया है. 12557 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार सप्तक्रांति एक्सप्रेस 3 सितंबर को अपने निर्धारित समय से 240 मिनट यानी चार घंटे की देरी से रवाना होगी. इसी तरह 19038 बरौनी-बांद्रा टर्मिनस अवध एक्सप्रेस 3 सितंबर को 300 मिनट यानी पांच घंटे री-शेड्यूल रहेगी.
गाड़ी संख्या 19037 बांद्रा-बरौनी अवध एक्सप्रेस 31 अगस्त को दो घंटे की देरी से रवाना होगी. 15274 आनंद विहार-रक्सौल सत्याग्रह एक्सप्रेस भी प्रभावित रहेगी. यह ट्रेन 31 अगस्त को 60 मिनट की देरी से रवाना होगी। इसके अलावा 31 अगस्त और 4 सितंबर को ट्रेन को रास्ते में 60 मिनट नियंत्रित किया जाएगा.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
15705 कटिहार-दिल्ली चंपारण हमसफर एक्सप्रेस 3 सितंबर को 75 मिनट री-शेड्यूल रहेगी। वहीं 55040 बढ़नी-नरकटियागंज पैसेंजर 30 अगस्त से 3 सितंबर तक प्रतिदिन 240 मिनट यानी चार घंटे की देरी से चलेगी. रेलवे के इस फैसले का सबसे ज्यादा असर नियमित रूप से पैसेंजर ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ सकता है.
एनआई कार्य के चलते नरकटियागंज-गोरखपुर कैंट के बीच चलने वाली 55095, 55098 और 55097 पैसेंजर ट्रेनों को 31 अगस्त से 4 सितंबर तक पूरी तरह रद्द कर दिया गया है.
इन ट्रेनों के रद्द रहने से ग्रामीण और छोटे स्टेशनों से रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि प्रभावित अवधि में सफर से पहले वैकल्पिक ट्रेन और परिवहन व्यवस्था की जानकारी जरूर ले लें.
रेलवे ने बिहार संपर्क क्रांति 12565, शहीद एक्सप्रेस 14673/14674, बाघ एक्सप्रेस 13019/13020, वैशाली एक्सप्रेस 15565 और जनसेवा एक्सप्रेस 14617 सहित कुछ अन्य ट्रेनों को भी परिवर्तित मार्ग से चलाने का फैसला लिया है.
इन ट्रेनों को वाराणसी-अयोध्या-बाराबंकी के रास्ते चलाया जाएगा. मार्ग परिवर्तन के कारण इनके नियमित रूट पर पड़ने वाले कई स्टेशनों पर ठहराव प्रभावित हो सकता है. इसलिए यात्रियों को अपनी ट्रेन के निर्धारित रूट और स्टॉपेज की पहले से पुष्टि करने की सलाह दी गई है.
पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने यात्रियों से अपील की है कि प्रभावित अवधि में यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की सही स्थिति जरूर जांच लें.
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे रेलवे पूछताछ सेवा या एनटीईएस ऐप के माध्यम से ट्रेन के रूट, ठहराव और समय की ताजा जानकारी प्राप्त करें. विशेष रूप से बापूधाम मोतिहारी और चंपारण क्षेत्र के यात्रियों को सलाह दी गई है कि टिकट होने के बावजूद स्टेशन पहुंचने से पहले ट्रेन के रूट और परिचालन की स्थिति की पुष्टि कर लें.








