डेस्क- नेपाल में बाढ़ ने भारी तबाही मचा रखा है. चारों तरफ चीख पुकार मची है. पानी का वेग अपने साथ सबकुछ बहाकर ले जा रहा है. तस्वीरें रूह कंपाने वाली है. इस बीच बिहार में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है.
गंडक नदी में अचानक करीब 3 मीटर ऊंची फ्लैश फ्लड वेव आने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए गंडक नदी से जुड़े जिलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य सरकार ने संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए NDRF और SDRF की अग्रिम तैनाती, निकासी योजना, नावों, राहत शिविरों और सामुदायिक रसोई की तैयारी शुरू कर दी है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
मिली जानकारी अनुसार, नेपाल के रसुवा, नुवाकोट, धादिंग, गोरखा, लमजुंग और तनहुँ जिले गंडक कैचमेंट में आते हैं, जहां फ्लैश फ्लड का उच्च जोखिम बताया गया है। इसके अलावा दोलखा और सिंधुपालचोक जिले कोसी कैचमेंट क्षेत्र में हैं, जहां भी खतरा बना हुआ है।
कोसी, बागमती और गंडक नदी के कई अन्य जलग्रहण क्षेत्रों में मध्यम स्तर के जोखिम का पूर्वानुमान जताया गया है। नेपाल के ऊपरी इलाकों में भारी जलप्रवाह की स्थिति बनने पर उसका असर बिहार की नदियों के जलस्तर पर पड़ सकता है। खासतौर पर गंडक नदी में अचानक पानी बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन को चौबीसों घंटे निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।
गंडक नदी के संभावित बढ़े हुए जलप्रवाह को देखते हुए पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली जिले में विशेष अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सीतामढ़ी, शिवहर समेत अन्य संवेदनशील जिलों में भी स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
जिलाधिकारियों को नदी के जलस्तर, तटबंधों, निचले इलाकों, पुल-पुलियों और अन्य संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही स्थानीय लोगों को समय रहते चेतावनी देने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी रखने को कहा गया है।
गोपालगंज के लिए एक NDRF टीम भेजने का निर्देश दिया गया है, जबकि मुजफ्फरपुर में एक टीम को स्टैंडबाय पर रखा जाएगा। पश्चिमी चंपारण के बेतिया में भी NDRF टीम की मूवमेंट और तैनाती की कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसके अलावा SSB की ओर से भी जरूरत पड़ने पर QRT और अन्य सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है।








