रांची- झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की नियुक्ति परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है.
14 अगस्त को लिखे पत्र में राहुल गांधी ने छात्र आंदोलन का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री को आंदोलनकारी छात्रों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनने और समाधान की दिशा में उचित कदम उठाने का सुझाव दिया है.
राहुल गांधी ने पत्र में कहा है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार भारतीय संविधान में निहित है और यह लोकतंत्र के प्रमुख आधारों में से एक है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पिछले कुछ महीनों से पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ खड़ी रही है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
राहुल ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर RSS और BJP पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था को छात्रों के शोषण और दमन के साधन में बदल दिया गया है.
राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को याद दिलाया कि झारखंड में भी छात्र राज्य की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि छात्रों का आंदोलन शांतिपूर्ण है और उनकी मांगें जायज हैं. राहुल गांधी ने सरकार की ओर से छात्रों से बातचीत के लिए गठित कमेटी का भी उल्लेख किया है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
पत्र में राहुल गांधी ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से गठित कमेटी के माध्यम से छात्रों के साथ बातचीत शुरू हुई है और कई मांगों को लेकर सहमति भी बनी है.
इसके बावजूद आंदोलन जारी है और कुछ छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं. राहुल गांधी ने इसे गंभीर स्थिति बताते हुए सरकार से छात्रों की बाकी मांगों पर भी सकारात्मक पहल करने की अपील की है.
राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सुझाव दिया है कि वह आंदोलन कर रहे छात्रों के प्रतिनिधियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करें. उनका कहना है कि मुख्यमंत्री की सीधी बातचीत से सरकार की ओर से छात्रों की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रतिबद्धता मजबूत होगी. राहुल ने कहा कि युवा ही देश के भविष्य हैं और ऐसे समय में उनके साथ एकजुटता और समर्थन जरूरी है.
इधर, बीजेपी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि राहुल गांधी और हेमंत सोरेन को लेटर-लेटर खेलना बंद करना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी को छात्रों की गूंज प्रयागराज में सुनाई देती है. पुणे में भी उनका कार्यक्रम है लेकिन रांची आने के बजाय लेटर लिखते हैं. सीएम भी अब तक छात्रों से मिलने नहीं गये.








