दुमका- राजकीय श्रावणी मेले का बुधवार को बासुकीनाथ में विधिवत उद्घाटन हुआ. उद्घाटन के बाद उपस्थित सभी लोगों को संबोधित करते हुए आयुक्त संजय कुमार ने कहा कि सभी पदाधिकारी और कर्मी इसे ड्यूटी ना समझकर सेवाभाव के साथ काम करें.
वहीं उपायुक्त ने मेले में श्रद्धालुओं को दी जाने वाली सुविधाओं को विस्तार से बताया. इस मौके पर जिले के वरीय पदाधिकारियों के साथ-साथ जिला परिषद उपाध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे.
जरमुंडी विधायक और संथाल परगना के आयुक्त ने उद्घाटन के बाद कहा कि आने वाले श्रद्धालुओं को घर का मेहमान मानकर, सभी के सहयोग से मेले को सफल बनाने की जिम्मेदारी हम सभी की है.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
दुमका स्थित बासुकीनाथ धाम में राजकीय श्रावणी मेले का विधिवत शुभारंभ हो चुका है. मेले का उद्घाटन जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर और संथाल परगना प्रमंडल के आयुक्त संजय कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित और नारियल फोड़कर किया.
उद्घाटन के अवसर पर अपने संबोधन में जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर ने बताया कि इसकी प्रसिद्धि बहुत बढ़ गई है. शायद यही वजह है कि इसमें देश-विदेश से लोग बाबा बासुकीनाथ को जलार्पण के लिए आते हैं. उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की है अभी तो इसे राजकीय मेले का दर्जा प्राप्त है लेकिन इसे विश्व स्तरीय मेले का दर्जा मिलना चाहिए.
इसके साथ ही उन्होंने पुलिस प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय लोगों से भी अपील कि आप बढ़-चढ़कर इसमें सहयोग करें, यहां जो श्रद्धालु आते हैं, उन्हें अपने घर का मेहमान समझे, आने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करें ताकि ये जब यहां से लौटकर अपने घर जाएं तो बासुकीनाथ धाम के साथ-साथ झारखंड का भी गुणगान करें.
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
इस मौके पर संथाल परगना के आयुक्त संजय कुमार ने कहा कि प्रशासन द्वारा काफी बेहतर व्यवस्था की गई है. श्रद्धालुओं को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होगी. उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने कहा कि जो भी शिवभक्त यहां पूजा के लिए आएंगे, वे बेहतर अनुभव के साथ अपने घर वापस लौटेंगे. लगभग 150 चिकित्सक श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए मौजूद होंगे.
उन्होंने कहा कि साफ सफाई की भी बेहतर व्यवस्था की गई है. श्रद्धालुओं के आवासन के लिए 5 हजार बेड की क्षमता वाला एक टेंट सिटी का भी निर्माण कराया गया है. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं.
इसके लिए 7 हजार पुलिस बल और 700 मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है. पूरे मेले परिसर में सात सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, मेले की निगरानी ड्रोन कैमरा से भी की जाएगी. उन्होंने कहा कि पूरी व्यवस्था को AI तकनीक से कवर किया जाएगा.
दुमका उपायुक्त ने कहा सारी तैयारी पूरी कर ली गई है. लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो, इसको लेकर सभी वरीय और कनीय अधिकारियों को दिशा निर्देश पहले ही दे चुका हूं. बासुकीनाथ आने वाले हर एक श्रद्धालु हमारे लिए महत्वपूर्ण हैं. उनकी सुविधा और सहायता हमारी जिम्मेदारी है.








