पटना- नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बिहार लौट आए हैं। पटना एयरपोर्ट पर तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने मुख्यमंत्री को “सड़क छाप गुंडा” बताते हुए कहा, ‘जिनके ऊपर 7 हत्या जैसे गंभीर मामलों के मुकदमे रहे हों, वे आज पुलिस के जरिए छात्रों और विपक्ष की आवाज दबाने का काम कर रहे हैं।’
तेजस्वी ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए और गिरफ्तार लोगों को रिहा नहीं किया गया तो बिहार में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
तेजस्वी यादव ने कहा, ‘पिछले कई दिनों से छात्र अपने भविष्य को लेकर सड़कों पर आंदोलन कर रहे थे। दिल्ली में छात्रों की मांग मान ली गई और यह फैसला हुआ कि आंदोलन के दौरान जिन छात्रों पर मुकदमे दर्ज हुए हैं, उन्हें वापस लिया जाएगा। लेकिन बिहार में सरकार छात्रों पर कार्रवाई कर रही है और उन्हें जेल भेजा जा रहा है।’
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया, ‘पटना समेत कई जिलों में छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को हिरासत में लिया गया और हजारों छात्रों के नाम FIR में शामिल किए गए।’
तेजस्वी यादव ने कहा, ‘आंदोलन के दौरान कई विधायकों को भी गिरफ्तार किया गया। बड़े भाई तेज प्रताप यादव को भी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया। यह सरकार की तानाशाही है। विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है।’
- Advertisement -
विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)
तेजस्वी यादव ने सरकार को एक दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा, ‘यदि कल तक सभी छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए, गिरफ्तार छात्रों और अन्य लोगों को रिहा नहीं किया गया, तेज प्रताप यादव को भी जेल से नहीं छोड़ा गया तो राष्ट्रीय जनता दल पूरे बिहार में बड़ा आंदोलन करेगा।’
उन्होंने कहा, ‘बिहार की स्थिति तभी सुधरेगी, जब वर्तमान सरकार सत्ता से बाहर होगी और जनता इस सरकार को जवाब देगी।’








